पेरिस: पेरिस की व्यंग्यात्मक पत्रिका शार्ली हेब्दो के दफ्तर पर कुछ अज्ञात लोगों ने हमला कर दिया। इस हमले में 12 लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी। इस दिन एके-47 से लैस दो बंदूक धारियों ने इस्लाम के समर्थन में नारे लगाते हुए हमला बोला, जिसमें 2 पुलिसवाले भी मारे गए। हमला करने के बाद हमलावर जोर-जोर से चिल्ला रहे थे हमने पैगंबर का बदला ले लिया।
25 जनवरी 2015 को अपनी तीन दिन की भारत यात्रा की शुरुआत अमेरिकी राष्ट्रपति ने सभी भारतीयों को प्यार भरे नमस्कार के साथ की। अमेरिकी राष्ट्रपति ने यह शब्द भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के दौरान कहे। दोनों नेताओं ने चाय पर चर्चा भी की। ओबामा 26 जनवरी को सोमवार के दिन गणतंत्र दिवस की पारंपरिक परेड के मुख्यअतिथि बने। राष्ट्र्पति भवन में ओबामा के सम्मान में गार्ड ऑफ ऑनर का नेतृत्व भारतीय वायु सेना की विंग कमांडर पूजा ठाकुर ने किया, ऐसा करने वाली वह देश की पहली महिला है। ओबामा का भारत में जोरदार स्वागत हुआ है और उनके आगमन के समय स्वयं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रोटोकॉल को तोड़ते हुए हवाई अड़डे पर उनका स्वागत किया था।
आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल ने शनिवार के दिन दिल्ली के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। दिल्ली के रामलीला मैदान में हजारों लोगों की मौजूदगी में उप राज्यपाल नजीब जंग ने केजरीवाल को मुख्यमंत्री पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।
ऑस्ट्रेलिया की टीम ने विश्वकप के फाइनल मैच में न्यूजीलैंड को हराकर पांचवीं बार विश्वकप का खिताब अपने नाम किया। शुरु से लेकर आखिर तक धमाकेदार प्रदर्शन कर रही न्यूजीलैंड की टीम को आखिरी मैच में ऑस्ट्रेलिया के आगे नतमस्तक होना पड़ा। ऑस्ट्रेलिया ने न्यूजीलैंड को सात विकेट से मात दी।
सायना नेहवाल ताजा अंतर्राष्ट्रीय बैडमिंटन रैंकिंग में नंबर वन पर काबिज हो गईं। इसके पहले नंबर वन की कुर्सी पर चीन की खिलाड़ी ली जेरुई थी, लेकिन वो नंबर तीन पर पहुंच गईं। प्रकाश पादुकोण के बाद सायना एकलौती ऐसी भारतीय खिलाड़ी हैं जिन्होंने नंबर वन की कुर्सी हासिल की।
नेपाल में शनिवार को जोरदार भूकंप आया। रिएक्टर पैमाने पर इसकी तीव्रता करीब 7.8 देखी गई। भूकंप की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसमें पुराने घरों की दीवारें दरक गईं। पुराने मंदिर ढह गए और करीब 2299 लोगों की मौत हो गई।