Friday, April 19, 2024
Advertisement

कमर्शल फ्लाइट से अमेरिका जा रहे थे इमरान, सऊदी प्रिंस सलमान ने रोका, दिया अपना विमान

सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस सलमान ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान को अमेरिका जाने के लिए अपना प्राइवेट जेट दे दिया।

IndiaTV Hindi Desk Written by: IndiaTV Hindi Desk
Published on: September 22, 2019 11:49 IST
Pakistan PM Imran Khan and Saudi Crown Prince Mohamed bin Salman | AP- India TV Hindi
Pakistan PM Imran Khan and Saudi Crown Prince Mohamed bin Salman | AP

रियाद: सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस सलमान ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान को अमेरिका जाने के लिए अपना प्राइवेट जेट दे दिया। दरअसल, इमरान किसी कमर्शल फ्लाइट में सवार होकर संयुक्त राष्ट्र महासभा में हिस्सा लेने के लिए अमेरिका जाने की तैयारी कर रहे थे, तभी सऊदी प्रिंस ने उन्हें रोक दिया। सऊदी प्रिंस ने इमरान से कहा कि वह अपने मेहमान को किसी कमर्शल प्लेन में नहीं जाने देंगे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसके बाद प्रिंस सलमान ने इमरान को अमेरिका जाने के लिए अपना विमान दे दिया।

इमरान की बीवी बुशरा को भी पाकिस्तान भिजवाया

सऊदी प्रिंस ने न सिर्फ इमरान को अमेरिका जाने के लिए अपना प्राइवेट जेट दिया, बल्कि उन्होंने पाकिस्तानी प्रधानमंत्री की पत्नी बुशरा बेगम को भी एक विशेष विमान के जरिए पाकिस्तान वापस भिजवाया। हालांकि पाकिस्तान में इस घटना पर मिली-जुली प्रतिक्रिया हुई और कई लोग इसे अपने मुल्क की खस्ताहाली का एक और उदाहरण बता रहे हैं। ऐसी रिपोर्ट्स आई थीं कि इमरान देश की अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए खर्चों में कटौती कर रहे हैं और इसी के चलते उन्होंने कमर्शल फ्लाइट से अमेरिका जाने का फैसला किया था।

बीवी के साथ मक्का में इमरान ने किया 'उमराह'
इमरान खान ने शुक्रवार को मक्का में 'उमराह' भी किया था। इस धार्मिक कार्य के दौरान उनकी पत्नी बुशरा बेगम भी उनके साथ थीं। वहीं, प्रिंस सलमान के साथ मुलाकात में इमरान ने वही पुराना कश्मीर राग अलापा। अमेरिका जाकर भी इमरान कश्मीर पर ही बात करने वाले हैं। पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय द्वारा जारी किए गए बयान के मुताबिक, इमरान 27 सितंबर को संयुक्त राष्ट्र संघ को संबोधित करेंगे और जम्मू एवं कश्मीर विवाद और उसके वर्तमान मानवाधिकारों और संबंधित आयामों पर पाकिस्तान के दृष्टिकोण और स्थिति को साझा करेंगे।

Latest World News

India TV पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज़ Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। Asia News in Hindi के लिए क्लिक करें विदेश सेक्‍शन

Advertisement
Advertisement
Advertisement