Wednesday, April 24, 2024
Advertisement

पाकिस्तान ने बढ़ाई अफगानिस्तानी शरणार्थियों की स्वदेश वापसी की समयसीमा

पाकिस्तान ने अफगानिस्तान में हिंसात्मक घटनाएं बढ़ने के बीच अफगानिस्तानी शरणार्थियों को अस्थायी राहत देते हुए उनकी स्वदेश वापसी की समयसीमा दो महीने बढ़ा दी है।

India TV News Desk Edited by: India TV News Desk
Published on: February 01, 2018 14:05 IST
 Pakistan extends deadline for afghan refugees - India TV Hindi
Pakistan extends deadline for afghan refugees

इस्लामाबाद: पाकिस्तान ने अफगानिस्तान में हिंसात्मक घटनाएं बढ़ने के बीच अफगानिस्तानी शरणार्थियों को अस्थायी राहत देते हुए उनकी स्वदेश वापसी की समयसीमा दो महीने बढ़ा दी है।  करीब 30 लाख अफगानिस्तानी दशकों से पाकिस्तान में रह रहे हैं। इनमें से करीब आधे लोगों का पंजीकरण नहीं हुआ है और वे अवैध रूप से देश में रह रहे हैं।  संघीय कैबिनेट ने उनकी स्वदेश वापसी की समयसीमा बढ़ाने का निर्णय कल लिया। बयान में कहा गया है, ‘‘कैबिनेट ने अफगानिस्तानी शरणार्थियों के लिए ‘प्रूफ ऑफ रजिस्ट्रेशन’ (पीओआर) कार्डों को 60 दिनों का विस्तार देने को अनुमति दी है।’’ (अमेरिकी सांसदों ने कहा, ट्रंप का संबोधन उनके शासन के अनुरूप नहीं रहा )

कई अफगानिस्तानी शरणार्थियों की कानूनी शरणार्थी दर्जे की वैधता 31 जनवरी को समाप्त हो गई थी, जिसके कारण इन शरणार्थियों के भविष्य पर शंका के बादल छा गए थे। पाकिस्तान ने पहले भी कम से कम छह बार शरणार्थियों के पीओआर की वैधता बढ़ाई है। समयसीमा में 60 दिनों का विस्तार ऐसे समय में दिया गया है जब अफगानिस्तान के गृह मंत्री वाइस अहमद बरमाक और राष्ट्रीय सुरक्षा निदेशालय प्रमुख मोहम्मद मासूम स्तानेकजई ने द्विपक्षीय संबंधों पर चर्चा के लिए पाकिस्तान की यात्रा की।

अफगानिस्तान में हालिया सप्ताह में सुरक्षा हालात बदतर हो गए हैं। राजधानी काबुल में रविवार को हुए आत्मघाती हमले में कम से कम 103 लोगों की मौत हो गई थी। इसके एक ही दिन बाद एक सैन्य अकादमी पर बंदूकधारियों के हमले में कम से कम 11 जवानों की मौत हो गई थी। अफगानिस्तान और अमेरिका अफगान तालिबान एवं हक्कानी नेटवर्क के आतंकवादियों को पनाहगाह मुहैया कराने के लिए पाकिस्तान को जिम्मेदारी ठहराते हैं। पाकिस्तान इन आरोपों को खारिज करता रहा है और उसका आरोप है कि अफगानिस्तानी बल पाकिस्तानी तालिबान के तत्वों को पनाहगाह मुहैया कराते हैं।

 

Latest World News

India TV पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज़ Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। Asia News in Hindi के लिए क्लिक करें विदेश सेक्‍शन

Advertisement
Advertisement
Advertisement