Tuesday, March 19, 2024
Advertisement

Sri Lanka Blast: श्रीलंका में ईस्टर पर चर्चों, होटलों में 8 बम धमाकों में तीन भारतीयों समेत 215 की मौत, करीब 500 घायल

श्रीलंका की सरकार ने देश में सिलसिलेवार बम विस्फोटों के बाद तत्काल प्रभाव से कर्फ्यू लगा दिया है। गिरजाघरों और होटलों को निशाना बनाकर किए गए विस्फोटों में कई लोगों की मौत हो गई है।

IndiaTV Hindi Desk Edited by: IndiaTV Hindi Desk
Updated on: April 21, 2019 23:32 IST
Sri Lanka Blast- India TV Hindi
Image Source : PTI Sri Lanka Blast

कोलंबो: श्रीलंका में ईस्टर पर रविवार को हुए तीन चर्चों और लग्जरी होटलों में हुए आत्मघाती हमलों समेत आठ बम धमाकों में 215 लोगों की मौत हो गई जबकि करीब 500 अन्य घायल हो गए। इन धमाकों के साथ ही लिट्टे के साथ खूनी संघर्ष के खत्म होने के बाद करीब एक दशक से जारी शांति भी भंग हो गई। पुलिस प्रवक्ता रूवन गुनासेकरा ने बताया कि द्वीपीय राष्ट्र में हुए सबसे खतरनाक हमलों में से एक, ये विस्फोट स्थानीय समयानुसार पौने नौ बजे ईस्टर प्रार्थना सभा के दौरान कोलंबो के सेंट एंथनी चर्च, पश्चिमी तटीय शहर नेगोम्बो के सेंट सेबेस्टियन चर्च और बट्टिकलोवा के एक चर्च में हुए। वहीं अन्य तीन विस्फोट पांच सितारा होटलों - शंगरीला, द सिनामोन ग्रांड और द किंग्सबरी में हुए। 

Related Stories

अधिकारियों के मुताबिक सिनामोन ग्रांड होटल के रेस्तरां में एक आत्मघाती हमलावर ने विस्फोट कर खुद को उड़ा दिया। गुनसेखरा ने संवाददाताओं को बताया, “धमाकों में कम से कम 207 लोगों की जान गई है। वहीं न्यूज फर्स्ट चैनल के मुताबिक मृतकों की संख्या 215 है। रविवार को हुए धमाकों की किसी ने जिम्मेदारी नहीं ली है। श्रीलंका में पूर्व में लिट्टे (एलटीटीई) ने कई हमले किए हैं। हालांकि 2009 में लिट्टे का खात्मा हो गया। संवाददाताओं को जानकारी देते हुए गुनासेकरा ने कहा कि पुलिस फिलहाल इस बात की पुष्टि करने की स्थिति में नहीं है कि क्या सभी हमले आत्मघाती थे। उन्होंने हालांकि कहा कि काटुवापितिया (नेगोम्बो) चर्च में हुए बम धमाके में ऐसे संकेत मिलते हैं कि यह आत्मघाती हमले जैसा था। 

Sri Lanka Blast

Image Source : PTI
Sri Lanka Blast

एक अधिकारी ने कहा कि एक आत्मघाती हमलावर ने सिनामोह ग्रांड होटल के रेस्तरां में विस्फोट कर खुद को उड़ा दिया। गुनासेखरा ने कहा कि नेशनल अस्पताल में 66 शवों को रखा गया था जबकि 260 घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। उन्होंने कहा कि 104 शवों को नेगोम्बो अस्पताल में रखा गया है जबकि 100 घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। उन्होंने कहा, “हमनें संदेह के आधार पर तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।” विदेश सचिव रविनाथा अरियासिंघे ने कहा कि धमाकों में कम से कम 27 विदेशी मारे गए हैं। कोलंबो में चीनी दूतावास ने कहा कि धमाकों में कम से कम दो चीनी नागरिकों की मौत हुई है। दूतावास घायल चीनी नागरिकों की संख्या की पुष्टि करने की कोशिश कर रहा है। इससे पूर्व दूतावास ने कहा था कि चार चीनी नागरिक धमाकों में घायल हुए हैं। 

Sri Lanka Blast

Image Source : PTI
Sri Lanka Blast

स्थानीय पुलिस ने कहा कि धमाकों में करीब 500 लोग घायल हुए हैं। स्थानीय मीडिया की खबर के मुताबिक धमाकों में घायल हुए लोगों में भारत, पाकिस्तान, अमेरिका, मोरक्को और बांग्लादेश के नागरिक भी बताए जा रहे हैं। पुलिस प्रवक्ता रुवन गुनासेखरा ने कहा कि बाद में, राजधानी के दक्षिणी उपनगर में कोलंबो चिड़ियाघर के पास एक शक्तिशाली धमाका हुआ जिसमें दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि पुलिस की एक टीम ओरुगोदावट्टा क्षेत्र के एक घर में जब जांच के लिए गई तो वहां मौजूद एक आत्मघाती हमलावर ने खुद को उड़ा लिया। इस विस्फोट में तीन पुलिसकर्मियों की मौत हो गई। रविवार को यहां आठ विस्फोट हो चुके हैं। 

Sri Lanka Blast

Image Source : PTI
Sri Lanka Blast

आठवें विस्फोट के तुरंत बाद सरकार ने तत्काल प्रभाव से कर्फ्यू लगा दिया। गुनासेखरा ने बताया कि यह कर्फ्यू अगले नोटिस तक प्रभावी रहेगा। राष्ट्रपति मैत्रीपाला सिरिसेना ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। सिरिसेना ने कहा, ‘‘ मैं इस अप्रत्याशित घटना से सदमे में हूं। सुरक्षाबलों को सभी जरूरी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।’’प्रधानमंत्री रानिल विक्रमसिंघे ने इसे ‘‘कायराना हमला’’ बताते हुए कहा कि उनकी सरकार ‘‘स्थिति को नियंत्रण’’ में करने के लिए काम कर रही है। उन्होंने ट्वीट किया,‘‘ मैं श्रीलंका के नागरिकों से दुख की इस घड़ी में एकजुट एवं मजबूत बने रहने की अपील करता हूं। सरकार स्थिति को काबू में करने के लिए तत्काल कदम उठा रही है।’’ राजधानी में धार्मिक स्थलों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है और सरकार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर अस्थायी रोक लगा दी है। 

Sri Lanka Blast

Image Source : PTI
Sri Lanka Blast

श्रीलंका के आर्थिक सुधार एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री हर्षा डी सेल्वा ने बताया कि श्रीलंका सरकार ने आपात बैठक बुलाई है। सभी आवश्यक आपातकालीन कदम उठाए गए हैं। उन्होंने कहा, ‘‘ बेहद भयावह दृश्य, मैंने लोगों के शरीर के अंगों को इधर-उधर बिखरे देखा। आपातकालीन बल सभी जगह तैनात हैं।’’ कोलंबो में भारतीय उच्चायुक्त ने ट्वीट किया, ‘‘ विस्फोट आज कोलंबो और बट्टिकलोवा में हुए। हम स्थिति पर लगातार नजर रख रहे हैं। भारतीय नागरिक किसी भी तरह की सहायता, मदद और स्पष्टीकरण के लिए इन नंबरों पर फोन कर सकते हैं- +94777903082, +94112422788, +94112422789 ।’’ उच्चायुक्त ने अन्य एक ट्वीट में लिखा, ‘‘ दिए गए नंबरों के अलावा भारतीय नागरिक किसी भी सहायता व मदद और अन्य किसी स्पष्टीकरण के लिए +94777902082, +94772234176 नंबरों पर फोनकर सकते हैं।’’ 

Sri Lanka Blast

Image Source : PTI
Sri Lanka Blast

पहले धमाकों की खबर कोलंबो के सेंट एंटोनी चर्च और राजधानी के बाहर नेगोम्बो में सेंट सेबेस्टियन चर्च से आई। सेंट सेबेस्टियन चर्च के फेसबुक पेज पर अंग्रेजी में लिखी गई एक पोस्ट में कहा, “हमारे चर्च में एक बम धमाका, अगर आपके परिजन वहां हैं तो कृपया आइये और मदद कीजिए।” सोशल मीडिया पर चल रही तस्वीरों में सेंट सेबेस्टियन चर्च को धमाके में व्यापक नुकसान नजर आ रहा है। सरकारी डेली न्यूज की खबर के मुताबिक, इन विस्फोटों को देखते हुए भंडारनायके अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। दंगा पुलिस और विशेष कार्य बल समेत अतिरिक्त सुरक्षा बल को हवाई अड्डे के पास तैनात कर दिया गया है। 

Sri Lanka Blast

Image Source : PTI
Sri Lanka Blast

सभी पुलिसकर्मियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय के सूत्रों ने बताया कि डॉक्टर, नर्स और स्वास्थ्य अधिकारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। सोमवार और मंगलवार को सरकारी स्कूलों को बंद करने की घोषणा कर दी गई है। सरकारी स्कूलों में सोमवार और मंगलवार की छुट्टी कर दी गई है।कोलंबो जिले में ईस्टर पर होने वाली सभी प्रार्थना सभाएं रद्द कर दी गई हैं। श्रीलंका के पूर्व राष्ट्रपति महिंदा राजपक्षे ने इन हमलों को ‘नृशंस’ बताया है। 

Latest World News

India TV पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज़ Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। Asia News in Hindi के लिए क्लिक करें विदेश सेक्‍शन

Advertisement
Advertisement
Advertisement