Thursday, April 18, 2024
Advertisement

महिला हॉकी : मलेशियाई चुनौती से पार पाने के लिए भारतीय महिला हॉकी टीम तैयार

भारतीय महिला हॉकी टीम के मुख्य कोच शुअर्ड मरेन ने कहा कि अनुशासन और जिम्मेदारी लेने की इच्छाशक्ति टीम को इस दौरे पर सफलता दिलाएगी।

IANS Reported by: IANS
Published on: April 03, 2019 13:43 IST
भारतीय महिला हॉकी टीम- India TV Hindi
Image Source : HTTP://HOCKEYINDIA.ORG शुअर्ड मरेन, भारतीय महिला हॉकी टीम कोच

कुआलालम्पुर| भारत की महिला हॉकी टीम 4 अप्रैल से मलेशिया दौरे का आगाज करेगी। मुख्य कोच शुअर्ड मरेन ने कहा है कि अनुशासन और जिम्मेदारी लेने की इच्छाशक्ति टीम को इस दौरे पर सफलता दिलाएगी। अनुभवी गोलकीपर सविता की कप्तानी में भारतीय महिलाएं मलेशिया के खिलाफ पांच मैचों की सीरीज खेलेगी।

इससे पहले साल 2019 की शुरुआत में ही महिला हॉकी टीम ने 2018 विश्व कप में कांस्य पदक जीतने वाली स्पेनिश टीम को 5-2 से हराया था और फिर 1-1 तथा 2-2 से ड्रॉ खेला था। इसके बाद हालांकि उसे 2-3 से हार मिली थी। इतना ही नहीं इसके बाद  2018 विश्व कप में रजत जीतने वाली आयरिश टीम से 1-1 से ड्रॉ खेला और फिर 3-0 से जीत हासिल की।

मलेशिया दौरे पर होने वाले पहले मैच से पूर्व कोच मरेन ने कहा, "मैंने अपने खिलाड़ियों से खेल का स्तर ऊंचा करने, अनुशासित रहने और जिम्मेदारी लेने की मांग की है। जिम्मेदारी लेने की इच्छा सबसे अहम है क्योंकि इससे हमारी टीम में सुधार आएगा। हमारा सामना विपक्षी टीम से नहीं बल्कि खुद से है।"

भारत और मलेशिया की महिला टीमों के बीच 2017 एशिया कप में अंतिम बार मुलाकात हुई थी और भारत ने वह राउंड रोबिन लीग मैच 2-0 से जीता था। इसके बाद भारत ने चीन को हराते हुए खिताब अपने नाम किया था।

 

India TV पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज़ Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। Other Sports News in Hindi के लिए क्लिक करें खेल सेक्‍शन

Advertisement

लाइव स्कोरकार्ड

Advertisement
Advertisement