Thursday, April 25, 2024
Advertisement

रूस ने मिस्र को 3-1 से रौंदा, रोनाल्डो के बाद ये खिलाड़ी बना इस वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा गोल दागने वाला फुटबॉलर

दूसरे हाफ में 15 मिनट के अंदर तीन गोल करके मिस्र को 3-1 से हराकर मेजबान रूस फीफा विश्व कप के नॉकआउट स्टेज में एंट्री की दहलीज पर पहुंच गया है। 

India TV Sports Desk Edited by: India TV Sports Desk
Published on: June 20, 2018 15:09 IST
रूस- India TV Hindi
रूस

सेंट पीटर्सबर्ग: दूसरे हाफ में 15 मिनट के भीतर तीन गोल करके मिस्र को 3-1 से हराकर मेजबान रूस फीफा विश्व कप के नॉकआउट स्टेज में एंट्री की दहलीज पर पहुंच गया है।मिस्र के स्टार स्ट्राइकर मोहम्मद सलाह ने चोट से उबरने के बाद आज मैदान पर वापसी की और पेनल्टी पर गोल भी दागा लेकिन 28 साल बाद पहला विश्व कप खेल रहे मिस्र को लगातार दो हार के बाद अब वापसी का टिकट कटाना पड़ सकता है। अहमद फातही ने आत्मघाती गोल दागकर 47वें मिनट में रूस को बढ़त दिला दी। यह इस टूर्नामेंट का पांचवां आत्मघाती गोल रहा। इसके बाद डेनिस चेरिशेव और आर्तियोम ज्युबा ने लगातार गोल दागकर रूस को 3-0 की बढत दिला दी। 

इससे पहले रूस ने शुरूआती मैच में सउदी अरब को 5-0 से हराया था। चेरिशेव का यह इस विश्व कप में तीसरा गोल रहा और सबसे ज्यादा गोल करने वालों की सूची में वह क्रिस्टियानो रोनाल्डो के साथ टॉप पर आ गए हैं। 

उरूग्वे की टीम अगर कल सउदी अरब को हराती है या ड्रॉ खेलती है तो रूस अंतिम 16 में पहुंच जायेगा। ऐसे में मिस्र बाहर हो जायेगा जिसे पहले मैच में उरूग्वे ने 1-0 से हराया था। मिस्र के लिये सलाह ने 73वें मिनट में पेनल्टी पर गोल किया। पिछले महीने चैम्पियंस लीग फाइनल में कंधे की चोट से जूझने वाले सलाह का यह पहला मैच था और मिस्र का 28 साल में विश्व कप में पहला गोल भी था।

इससे पहले विलारीयाल के विंगर चेरिशेव ने 59वें मिनट में मारियो फर्नांडिस के क्रास पर गोल करके रूस की बढत दुगुनी कर दी थी। वहीं तीन मिनट बाद ज्युबा ने गेंद को अपनी छाती पर रोकते हुए अली गबर को छकाकर तीसरा गोल दागा। रूस को पहली कामयाबी मिस्र के कप्तान अहमद फातही के आत्मघाती गोल से मिली। रोमन जोबनिन के पास को लपकने के प्रयास में वह चूके और गेंद उनके घुटने से टकराकर गोलकीपर मोहम्मद ई को चकमा देते हुए गोल के भीतर चली गई। 

इससे पहले हाफटाइम तक दोनों टीमें गोलरहित बराबरी पर थी।

India TV पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज़ Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। Other Sports News in Hindi के लिए क्लिक करें खेल सेक्‍शन

Advertisement

लाइव स्कोरकार्ड

Advertisement
Advertisement