Saturday, April 27, 2024
Advertisement

हॉकी विश्व कप: फ्रांस ने ओलम्पिक चैंपियन अर्जेंटीना को 5-3 से रौंदा, बनाई क्रासओवर में जगह

इस मैच में पांच गोल सिर्फ दूसरे क्वार्टर में हुए जहां चार गोल सिर्फ फ्रांस ने किए। अर्जेटीना ने वापसी की बहुत कोशिश की लेकिन वह सफल नहीं हो सकी। 

IANS Reported by: IANS
Published on: December 07, 2018 7:40 IST
फ्रांस ने ओलम्पिक चैंपियन अर्जेंटीना को 5-3 से रौंदा- India TV Hindi
Image Source : PTI फ्रांस ने ओलम्पिक चैंपियन अर्जेंटीना को 5-3 से रौंदा

भुवनेश्वर। फ्रांस ने यहां गुरुवार को कलिंगा स्टेडियम में खेले गए पुरुष हॉकी विश्व कप के मैच में ओलम्पिक स्वर्ण पदक विजेता अर्जेटीना को रोचक मुकाबले में 5-3 से हरा दिया। इस मैच में पांच गोल सिर्फ दूसरे क्वार्टर में हुए जहां चार गोल सिर्फ फ्रांस ने किए। अर्जेटीना ने वापसी की बहुत कोशिश की लेकिन वह सफल नहीं हो सकी। 

इस जीत के साथ ही फ्रांस ने पूल में चार अंक लेकर दूसरा स्थान हासिल कर अगले दौर में प्रवेश कर लिया है। पहले क्वार्टर में अर्जेटीना ने अपना दबदबा दिखाया। वह लगातार फ्रांस के घेरे में जा रही थी, तीन बार वह गोल करने के करीब आई हालांकि सफल नहीं हो सकी।

वह आक्रामक खेल के बाद भी फ्रांस से गोल करने के मामले में पीछे रह गई। 18वें मिनट में ह्यूगो जेनेस्टेट ने गोल कर फ्रांस को एक गोल से आगे कर दिया। ह्यूगो का यह गोल दर्शनीय था। उन्होंने प्वाइंट ब्लैंक रेंज से अर्जेटीना के गोलकीपर जुआन विवाल्डी को मात दे फ्रांस को एक गोल से आगे कर दिया। 

एक गोल की बढ़त लेने के बाद फ्रांस को 23वें मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर मिला और इस पर विक्टर चाल्र्ट ने गोल कर अपनी टीम को 2-0 से आगे कर दिया। 

यहां से अर्जेटीना के ऊपर दबाव दिख रहा था जो उसके खेल से पता चल रहा था। तीन मिनट बाद अरिस्टिडे कोइस्ने ने फील्ड गोल कर फ्रांस को 3-0 से आगे कर अर्जेटीना की हालत खराब कर दी। कोइस्ने का यह गोल भी देखने लायक था।

अर्जेटीना के लिए थोड़ी राहत की खबर लुकास मार्टिनेज लेकर आए। उन्होंने 28वें मिनट में इस मैच का कुल चौथा और अर्जेटीना का पहला गोल किया, लेकिन फ्रांस रुकने वाली नहीं थी। क्वार्टर के आखिरी मिनट में गैसपार्ड बाउमार्गटेन ने बेहतरीन पास पर डाइव मार गेंद को नेट में डाल फ्रांस को 4-1 की मजबूत बढ़त दिला दी। 

अर्जेटीना के पास मैच में वापसी करने के लिए पूरे क्वार्टर यानी 30 मिनट का समय था। उसने उम्मीद नहीं छोड़ी थी। तीसरे क्वार्टर में 43वें मिनट में उसे पेनाल्टी कॉर्नर मिला, जिस पर गोंजालो पिलाट ने गोल कर अर्जेटीना का खाते में दूसरा गोल डाला। 

फ्रांस की जीत की उम्मीदों को झटका लगता दिख रहा था और चौथे क्वार्टर में गोंजालो ने 48वें मिनट में एक और पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील कर अर्जेटीना के लिए तीसरा गोल किया। दोनों टीमों के बीच अब सिर्फ एक गोल का अंतर रह गया था। आखिरी मिनटों में ओलम्पिक चैम्पियन बराबरी के प्रयास में थी, लेकिन 54वें मिनट में फ्रांकोइस गोयेट ने विक्टर लॉकवूड के दाएं फ्लैंक से गिए गए पास पर शानदार तरीक से गेंद को नेट में डाल फ्रांस को 5-3 से आगे कर दिया और यहां से अर्जेटीना के लिए वापसी करना मुश्किल हो गया। 

India TV पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज़ Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। Other Sports News in Hindi के लिए क्लिक करें खेल सेक्‍शन

Advertisement

लाइव स्कोरकार्ड

Advertisement
Advertisement