Saturday, April 20, 2024
Advertisement

हॉकी इंडिया ने खेल रत्न के लिए अनुभवी गोलकीपर पीआर श्रीजेश के नाम की सिफारिश की

हॉकी इंडिया (एचआई) ने राजीव गांधी खेल रत्न के लिए अनुभवी गोलकीपर पीआर श्रीजेश के नाम की सिफारिश की है।

IANS Reported by: IANS
Updated on: May 01, 2019 15:05 IST
पीआर श्रीजेश, हॉकी...- India TV Hindi
Image Source : TWITTER पीआर श्रीजेश, हॉकी इंडिया

नई दिल्ली| हॉकी इंडिया (एचआई) ने बुधवार को अनुभवी गोलकीपर पीआर श्रीजेश का नाम देश के सर्वोच्च खेल सम्मान राजीव गांधी खेल रत्न के लिए नामांकित किया है। एचआई ने श्रीजेश के साथ-साथ इस साल के अर्जुन पुरस्कार, मेजर ध्यानचंद अवार्ड और द्रोणाचार्य अवार्ड के लिए भी खिलाड़ियों के नामों का ऐलान किया।

अर्जुन पुरस्कार के लिए चिंगलेनसाना सिंह, आकाशदीप सिंह और महिला टीम से दीपिका का नाम खेल मंत्रालय को भेजा गया है। इसी तरह, लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड के लिए दिए जाने वाले मेजर ध्यानचंद अवार्ड के लिए डॉ. आरपी सिंह और संदीप कौर का नाम भेजा गया है। द्रोणाचार्य अवार्ड के लिए एचआई ने बलजीत सिंह, बीएस चौहान और रोमेश पठानिया का नाम आगे भेजा है।

एचआई की ओर से किए गए नामांकन को लेकर महासचिव राजिंदर सिंह ने कहा, "हमें खुशी है कि हम इन मौजूदा और पूर्व खिलाड़ियों तथा अधिकारियों का नाम राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों के लिए भेज रहे हैं। अपने करियर में इन खिलाड़ियों, कोचों और अधिकारियों ने भारतीय हॉकी की खूब सेवा की है और देश का नाम रोशन किया है।"

श्रीजेश, चिंगलेनसाना और आकाशदीप लम्बे समय से भारतीय टीम का हिस्सा हैं। ये तीनों एशियाई खेल, राष्ट्रमंडल खेल, ओलम्पिक, विश्व कप और एशिया कप जैसे महत्वपूर्ण आयोजनों में देश का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। इसी तरह अर्जुन पुरस्कार के लिए नामांकित की गईं दीपिका बीते 15 साल से भारतीय महिला हॉकी टीम से जुड़ी रही हैं और डिफेंस को लगातार मजबूत किया है। वह देश के लिए 200 से अधिक मैच खेल चुकी हैं।

India TV पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज़ Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। Other Sports News in Hindi के लिए क्लिक करें खेल सेक्‍शन

Advertisement

लाइव स्कोरकार्ड

Advertisement
Advertisement