Friday, April 26, 2024
Advertisement

एशियाई खेल (हॉकी): जापान को 8-0 से हराकर भारत ने पूरी की जीत की हैट्रिक

भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने 18वें एशियाई खेलों में अपना विजय अभियान जारी रखते हुए शुक्रवाक को जापान को 8-0 से हराया। यह भारत की लगातार तीसरी जीत है।

IANS Reported by: IANS
Published on: August 24, 2018 21:18 IST
भारतीय पुरुष हॉकी टीम- India TV Hindi
Image Source : GETTY IMAGES भारतीय पुरुष हॉकी टीम

जकार्ता। भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने 18वें एशियाई खेलों में अपना विजय अभियान जारी रखते हुए शुक्रवाक को जापान को 8-0 से हराया। यह भारत की लगातार तीसरी जीत है। ग्रुप-ए के अपने तीसरे मुकाबले में मिली इस एकतरफा जीत के साथ मौजूदा चैम्पियन भारतीय टीम टूर्नामेंट में अपने गोलों की संख्या को 51 तक लेकर चली गई है।

भारत के लिए मंदीप सिंह और रुपिंदर पाल सिंह ने दो-दो गोल किए जबकि एसवी सुनील, आकाशदीप, दलप्रीत और विवेक सागर ने एक-एक गोल किया।​ जापान के खिलाफ भारत की शुरुआत शानदार रही और टीम ने आक्रामक खेल दिखाते हुए जापान पर दबाव बनाया। सातवें मिनट में भारत के लिए पहला गोल फारवर्ड खिलाड़ी सुनील ने किया। 

इसके दो मिनट बाद, जापान के खिलाड़ी को गोल करने का मौका मिला लेकिन गोलकीपर पी.आर श्रीजेश ने शानदार बचाव करते हुए भारत की बढ़त को बनाए रखा। ​पहला क्वार्टर समाप्त होने से पहले 12वें मिनट में दलप्रीत सिंह ने भारत की बढ़त को दोगुना कर दिया। दूसरे क्वार्टर की शुरुआत होते ही 18 मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर के माध्यम से रुपिंदर ने भारत के लिए तीसरा गोल दागा।

भारत ने दूसरे हाफ में भी अपने दमदार प्रदर्शन को जारी रखा और कुल पांच गोल दागे। मंदीप सिंह ने 32वें और 57वें मिनट में गोल किए जबकि रुपिंदर ने पेनाल्टी स्ट्रोक के जरिए 38वें मिनट में मैच का अपना दूसरा गोल दागा। 

इनके अलावा, आकाशदीप ने 46वें और विवेक सागर ने 47वें मिनट में गोल दागे। भारत ने इससे पहले मैच में इंडोनेशिया को 17-0 से और फिर दूसरे मैच में हांगकांग को 26-0 से हराया था। भारत का अगला मुकाबला रविवार को दक्षिण कोरिया से होगा। 

India TV पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज़ Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। Other Sports News in Hindi के लिए क्लिक करें खेल सेक्‍शन

Advertisement

लाइव स्कोरकार्ड

Advertisement
Advertisement