Wednesday, April 24, 2024
Advertisement

डोपिंग के कारण बैन झेलने वाले भारतीय खिलाड़ी पृथ्वी शॉ को लेकर उनके बचपन के कोच ने कही ये बड़ी बात

पृथ्वी का यह प्रतिबंध 16 मार्च से प्रभावी होगा और 15 नवंबर को खत्म होगा जिसके कारण वह दक्षिण अफ्रीका और बांग्लादेश के खिलाफ घरेलू श्रृंखला में नहीं खेल पाएंगे। 

Bhasha Reported by: Bhasha
Published on: July 31, 2019 13:26 IST
Prithvi Shaw- India TV Hindi
Image Source : GETTY IMAGE Prithvi Shaw, Team India

मुंबई। पृथ्वी शॉ को क्रिकेट का ककहरा सिखाने वाले कोच संतोष पिनगुटकर ने अपने सबसे लोकप्रिय शिष्य का हौसला-अफजाई करते हुए कहा कि वह एक ‘फाइटर’ है और डोपिंग के कारण आठ महीने के प्रतिबंध से मजबूत वापसी करेगा। 

बीसीसीआई ने डोप परीक्षण में विफल रहने पर मंगलवार को 19 साल के इस सलामी बल्लेबाज को खेल के सभी प्रारूपों से निलंबित कर दिया। बोर्ड ने अपनी विज्ञप्ति में कहा कि पृथ्वी ने गलती से प्रतिबंधित पदार्थ का सेवन किया जो आम तौर पर खांसी की दवाई में पाया जाता है। पृथ्वी के बचपन के कोच संतोष ने इसे झटका करार दिया है। 

मुंबई से लगभग 60 किमी दूर विरार में पृथ्वी को सबसे पहले क्रिकेट का सबक सिखाने वाले संतोष ने कहा, ‘‘वह (पृथ्वी) फाइटर है और निश्चित तौर पर इससे उबर जाएगा। उसने (शीर्ष पर पहुंचने के लिए) कड़ी मेहनत की है।’’

संतोष के मार्गदर्शन में ही पृथ्वी ने क्रिकेट का ककहरा सीखा। इसके बाद वह न्यूजीलैंड में अपनी कप्तानी में भारत को अंडर 19 विश्व कप जिताने में सफल रहे जबकि वेस्टइंडीज के खिलाफ अपने पदार्पण टेस्ट में शतक भी जड़ा। पृथ्वी के पिता पंकज उन्हें कोच संतोष के पास ले गए थे जो अकादमी चलाते हैं। संतोष ने कहा, ‘‘निश्चित तौर पर यह बड़ा झटका है लेकिन मुझे भरोसा है कि वह इससे उबर जाएगा।’’ 

पृथ्वी का यह प्रतिबंध 16 मार्च से प्रभावी होगा और 15 नवंबर को खत्म होगा जिसके कारण वह दक्षिण अफ्रीका और बांग्लादेश के खिलाफ भारत की घरेलू श्रृंखला में नहीं खेल पाएंगे। 

वरिष्ठ लेखक मकरंद वेनगांकर ने कहा कि यह चिंता की बात नहीं है और सभी से जीवन में गलतियां होती हैं। क्रिकेट प्रशासक रहे वेनगांकर ने ट्वीट किया, ‘‘खांसी के सिरप खतरनाक होते हैं। पृथ्वी को यह बात पता होनी चाहिए थी क्योंकि बीसीसीआई की डोपिंग रोधी समिति सभी खिलाड़ियों को क्या करना है और क्या नहीं इसकी सूची सौंपती है। वह इससे उबर जाएगा। सभी गलती करते हैं। चिंता की कोई बात नहीं है।’’

Latest Cricket News

India TV पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज़ Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। Cricket News in Hindi के लिए क्लिक करें खेल सेक्‍शन

Advertisement

लाइव स्कोरकार्ड

Advertisement
Advertisement