Wednesday, April 24, 2024
Advertisement

आईपीएल 2020 के बाद क्रिकेट से संन्यास पर फैसला ले सकते हैं धोनी

लंबे समय से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से दूर पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी अगले साल आईपीएल के बाद क्रिकेट से संन्यास का एलान कर सकते हैं।

Bhasha Edited by: Bhasha
Published on: November 26, 2019 19:13 IST
 Ms dhoni, dhoni, ms dhoni retirement, dhoni retirement, ms dhoni career, dhoni career, ms dhoni fut- India TV Hindi
Image Source : GETTY IMAGES MS Dhoni

पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी अगले साल इंडियन प्रीमयर लीग (आईपीएल) के बाद अपने भविष्य को लेकर फैसला ले सकते हैं। धोनी के एक करीबी सूत्र ने यह जानकारी दी जिससे उनके करियर को लेकर लंबे समय से चल रहे अटकलबाजियों का दौर थम सकता है। भारत के जुलाई में इंग्लैंड में खेले गये वनडे विश्व कप से सेमीफाइनल में बाहर होने के बाद से ही धोनी किसी मैच में नहीं खेले हैं। 

वह वेस्टइंडीज दौरे पर नहीं गये और इसके बाद साउथ अफ्रीका और बांग्लादेश के खिलाफ घरेलू श्रृंखलाओं में भी नहीं खेले। सूत्रों ने कहा, ‘‘धोनी अगर अपने भविष्य को लेकर कोई फैसला करेंगे तो ऐसा आईपीएल के बाद ही होगा। आप अटकलों पर रोक नहीं लगा सकते क्योंकि वह बहुत बड़ा खिलाड़ी है। वह फिटनेस के लिहाज से बेहतरीन स्थिति में हैं और पिछले एक महीने से कड़ा अभ्यास कर रहे हैं।’’ 

उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन वह आईपीएल से पहले कितने प्रतिस्पर्धी मैच खेलेंगे इसका फैसला उचित समय पर किया जाएगा। ’’ 

आईपीएल में चेन्नई सुपरकिंग्स के कप्तान 38 साल के धोनी वेस्टइंडीज के खिलाफ छह दिसंबर से शुरू होने वाली सीमित ओवरों की श्रृंखला में भी नहीं खेलेंगे। इस श्रृंखला में तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय और इतने ही वनडे खेले जाएंगे। राष्ट्रीय चयनसमिति के अध्यक्ष एमएसके प्रसाद पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि पैनल अब भविष्य के बारे में सोच रहा है और धोनी ऑस्ट्रेलिया में अगले साल होने वाले टी20 विश्व कप को ध्यान में रखते हुए ऋषभ पंत जैसे युवा खिलाड़ियों को अधिक मौके देने के उनके इरादों से वाकिफ हैं। 

पंत हालांकि अब तक मौकों का फायदा नहीं उठा पाये हैं और विकेटकीपर के रूप में लचर प्रदर्शन के लिए उनकी लगातार आलोचना होती रही है। हाल में डीआरएस में गलत फैसलों के लिये भी पंत की आलोचना हुई थी जबकि इस मामले में धोनी लाजवाब हैं। धोनी ने अपनी तरफ से हालांकि अपने भविष्य को लेकर कोई बात नहीं की है। उन्हें हालांकि कुछ दिन पहले झारखंड अंडर-23 टीम के साथ अभ्यास करते हुए देखा गया था जिसके बाद उनकी संभावित वापसी की अटकल लगायी जाने लगी थी। 

बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली ने भी कहा है कि धोनी को वही सम्मान दिया जाएगा जिसका उन जैसा दिग्गज खिलाड़ी हकदार है। उन्होंने इस स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज के तुरंत ही संन्यास लेने से भी इन्कार किया। पिछले महीने बोर्ड अध्यक्ष का पद संभालने के बाद गांगुली ने कहा, ‘‘आप जानते हैं कि चैंपियन्स जल्द खत्म नहीं होते। ’’ 

धोनी की अगुवाई में भारत ने टी20 विश्व कप 2007 और वनडे विश्व कप 2011 में खिताब जीते थे। उन्होंने 90 टेस्ट, 350 वनडे और 98 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं जिनमें 17 हजार से अधिक रन बनाये हैं। 

Latest Cricket News

India TV पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज़ Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। Cricket News in Hindi के लिए क्लिक करें खेल सेक्‍शन

Advertisement

लाइव स्कोरकार्ड

Advertisement
Advertisement