Thursday, April 25, 2024
Advertisement

IPL 2019: आईपीएल के 12वें सीजन में बने ये दिलचस्प और शानदार रिकॉर्ड

रोहित शर्मा ने मुंबई इंडियंस की ओर से खेलते हुए बतौर कप्तान 4 बार IPL का खिताब अपने नाम किया है। वहीं, 2009 में उन्होंने डेक्कन चार्जर्स की ओर से खिताब जीता था।

India TV Sports Desk Written by: India TV Sports Desk
Updated on: May 14, 2019 13:04 IST
मुंबई इंडियंस, आईपीएल...- India TV Hindi
Image Source : IPLT20.COM मुंबई इंडियंस, आईपीएल 2019 चैंपियन

मुंबई इंडियंस के खिताब जीतने के साथ ही आईपीएल 2019 का शानदार समापन हो गया। आईपीएल के फाइनल मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने आखिरी ओवर में चेन्नई सुपर किंग्स को 1 रन से हराते हुए खिताब अपने नाम कर लिया। इसके साथ ही रोहित शर्मा आईपीएल में सबसे ज्यादा खिताब जीतने वाले कप्तान (4 खिताब) और खिलाड़ी (5 खिताब) बन गए। रोहित ने मुंबई की ओर से खेलते हुए बतौर कप्तान 4 बार आईपीएल का खिताब अपने नाम किया है। वहीं, साल 2009 में उन्होंने डेक्कन चार्जर्स की ओर से खिताब जीता था। इस सीजन आईपीएल में एक तरफ जहां कई दिलचस्प और विवादित घटनाएं देखने को मिली वहीं दूसरी तरफ कई बड़े रिकॉर्ड भी ध्वस्त हुए। आइए एक नजर डालते हैं इस सीजन बने कुछ दिलचस्प रिकॉर्ड्स पर...

  • चेन्‍नई सुपरकिंग्‍स के कप्‍तान महेंद्र सिंह धोनी ने फाइनल में कप्‍तान रोहित शर्मा का कैच पकड़कर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की। धोनी आईपीएल इतिहास में सबसे ज्‍यादा 132 शिकार करने वाले विकेटकीपर बन गए। उन्‍होंने कोलकाता नाइटराइडर्स के कप्‍तान दिनेश कार्तिक (131) को पीछे छोड़ते हुए यह रिकॉर्ड अपने नाम किया।
  • आईपीएल के इस सीजन मुंबई इंडियंस के गेंदबाज अल्जारी जोसेफ ने टूर्नामेंट के इतिहास का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। अल्जारी जोसेफ ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 12 रन देकर 6 विकेट झटके और इतिहास रच दिया। अल्जारी ने सोहेल तनवीर (14 रन देकर 6 विकेट) को पीछे छोड़ आईपीएल में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी का रिकॉर्ड अपने नाम किया।
  • इस सीजन किंग्स इलेवन पंजाब प्लेइंग इलेवन में सबसे ज्यादा बदलाव करने वाली टीम रही। पंजाब ने प्लेइंग इलेवन में कुल 32 बदलाव किए। वहीं दूसरे नंबर पर दिल्ली कैपिटल्स की टीम रही जिसने 23 बदलाव किए।
  • आईपीएल 2019 में आरसीबी की ओर से डेब्यू करते ही प्रयास रे बर्मन ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली। प्रयास आईपीएल में सबसे कम उम्र में डेब्यू करने वाले खिलाड़ी बने। प्रयास ने 16 वर्ष और 157 दिन की उम्र में हैदराबाद के खिलाफ अपने आइपीएल करियर का आगाज किया।
  • राजस्थान रॉयल्स के रियान पराग आईपीएल में अर्धशतक जड़ने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बने। रियान ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 48 गेंदों में अर्धशतक जड़ संजू सैमसन के रिकॉर्ड को ध्वस्त किया।
  • इस सीजन 5 खिलाड़ियों ने 500 से ज्यादा रन बनाए। दिलचस्प बात ये है कि पांचों खिलाड़ी अलग-अलग टीम से थे। टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ियों में डेविड वॉर्नर 692 रन बनाकर पहले नंबर रहे और ऑरेंज कप अपने नाम किया। वॉर्नर आईपीएल के इतिहास में तीन बार ऑरेंज कैप पर कब्जा जमाने वाले पहले खिलाड़ी हैं। इससे पहले वॉर्नर 2015 और 2017 में ये कारनामा कर चुके हैं।
  • इस सीजन डेविड वॉर्नर आईपीएल के इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले विदेशी खिलाड़ी बने। वॉर्नर (4706 आईपीएल रन) ने क्रिस गेल (4484 आईपीएल रन) को पछाड़कर ये रिकॉर्ड अपने नाम किया।
  • आईपीएल 2019 में चेन्नई सुपर किंग्स के स्पिन गेंदबाजों ने सबसे ज्यादा 62 विकेट हासिल किए। चेन्नई के लिए स्पिन गेंदबाज इमरान ताहिर ने 26, हरभजन सिंह ने 16 और रवींद्र जडेजा ने 15 विकेट झटके। इसके साथ ही चेन्नई आईपीएल के किसी भी सीजन में स्पिन गेंदबाजों की मदद से सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली टीम बन गई।
  • इस सीजन सबसे ज्यादा विकेट लेकर इमरान ताहिर (26 विकेट) ने पर्पल कैप जीता। इसके साथ ही इमरान ताहिर ने बतौर स्पिनर आईपीएल के एक सीजन में सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। इससे पहले ये रिकॉर्ड सुनील नरेन (24) के नाम दर्ज था।
  • आईपीएल 2019 में चेन्नई के उपकप्तान सुरेश रैना ने एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया। दिल्ली के खिलाफ ग्रुप स्टेज मैच में पृथ्वी शॉ का कैच पकड़ते ही रैना आईपीएल के इतिहास में 100 कैच लेने वाले पहले खिलाड़ी बन गए।

 

Latest Cricket News

India TV पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज़ Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। Cricket News in Hindi के लिए क्लिक करें खेल सेक्‍शन

Advertisement

लाइव स्कोरकार्ड

Advertisement
Advertisement