Saturday, April 20, 2024
Advertisement

IPL 2019: रोहित शर्मा को विकेट पर बल्ला मारना पड़ा महंगा, देना होगा जुर्माना

मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा पर मैच फीस का 15 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है। रोहित पर ये जुर्माना आईपीएल की आचार संहिता के उल्लंघन के लिए लगा है।

India TV Sports Desk Written by: India TV Sports Desk
Published on: April 29, 2019 9:17 IST
रोहित शर्मा, आईपीएल 2019- India TV Hindi
Image Source : TWITTER रोहित शर्मा, आईपीएल 2019

मुंबई इंडियंस के बल्लेबाज और कप्तान रोहित शर्मा पर मैच फीस का 15 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है। रोहित पर ये जुर्माना रविवार 28 अप्रैल को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ मैच के दौरान इंडियन प्रीमियर लीग की आचार संहिता के उल्लंघन के लिए लगा है। शर्मा को आईपीएल की आचार संहिता के लेवल 1 अनुच्छेद 2.2 के उल्लंघन का दोषी पाया गया, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया।

बता दें कि आईपीएल के 12वें संस्करण 47वें मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 232 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। इसके जवाब में मुंबई को क्विंटन डी कॉक के रुप में पहला झटका दूसरे ओवर में ही लग गया। इसके बाद कप्तान रोहित शर्मा भी तीसरे ओवर में हैरी गर्नी की गेंद पर एलबीडब्लू आउट हो गए। हालांकि रोहित फील्ड अंपायर के फैसले से सहमत नहीं हुए और उन्होंने डीआरएस ले लिया।

इसके बाद थर्ड अंपायर ने भी रोहित को आउट करार दिया। इस तरह आउट दिए जाने से रोहित काफी नाराज हुए और अंपायर से कुछ कहते हुए नजर आए। यही नहीं मैदान से जाने से पहले रोहित ने नॉन स्ट्राइक के स्टंप्स में अपना बल्ला भी दे मारा।

गौरतलब है कि कोलकाता नाइट राइडर्स और मुंबई इंडियंस के बीच खेले गए इस मैच में मुंबई इंडियंस को 34 रनों से हार का सामना करना पड़ा। कोलकाता के 232 रनों के जवाब में मुंबई निर्धारित 20 ओवरों में सिर्फ 198 रन ही बना सकी। मुंबई को अब लीग स्टेज के आखिरी दो मैच अपने घर में कोलकाता और सनराइजर्स हैदराबाद के साथ खेलने हैं। टीम को प्लेऑफ में पहुंचने के लिए 1 जीत की दरकार है। पाइंट टेबल में मुंबई 12 मैचों में 14 पाइंट के साथ तीसरे स्थान पर है। वहीं, पहले स्थान पर दिल्ली काबिज है जबकि चेन्नई दूसरे स्थान पर है।

Latest Cricket News

India TV पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज़ Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। Cricket News in Hindi के लिए क्लिक करें खेल सेक्‍शन

Advertisement

लाइव स्कोरकार्ड

Advertisement
Advertisement