Friday, March 29, 2024
Advertisement
  1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. वित्‍त वर्ष 2014-15 में करोड़पतियों की संख्‍या बढ़कर हुई 59830, 82 लाख लोगों की आय रही शून्‍य

वित्‍त वर्ष 2014-15 में करोड़पतियों की संख्‍या बढ़कर हुई 59830, 82 लाख लोगों की आय रही शून्‍य

वित्‍त वर्ष 2014-15 (कर निर्धारण वर्ष 2015-16) में करोड़पतियों की संख्‍या में 23.5 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। इन लोगों ने अपने इनकम टैक्‍स रिटर्न में एक करोड़ रुपए से अधिक की आमदनी की घोषणा की है।

Abhishek Shrivastava Edited by: Abhishek Shrivastava
Updated on: December 20, 2017 17:59 IST
crorepati- India TV Paisa
crorepati

नई दिल्‍ली। वित्‍त वर्ष 2014-15 (कर निर्धारण वर्ष 2015-16) में करोड़पतियों की संख्‍या में 23.5 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। इन लोगों ने अपने इनकम टैक्‍स रिटर्न में एक करोड़ रुपए से अधिक की आमदनी की घोषणा की है। आयकर विभाग द्वारा निर्धारण वर्ष 2015-16 के लिए आज जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक इस साल भले ही करोड़पतियों की संख्‍या में इजाफा हुआ है, लेकन इससे पिछले साल की तुलना में उनकी कुल आमदनी 50,889 करोड़ रुपए घटी है।

आयकर विभाग ने आज निर्धारण वर्ष 2015-16 (एक अप्रैल, 2014 से 31 मार्च 2015) के आंकड़े जारी किए। इससे पता चलता है कि 59,830 लोगों ने अपनी आय को  वर्ष के दौरान एक करोड़ रुपए से अधिक बताया है। इन लोगों की कुल आमदनी 1.54 लाख करोड़ रुपए रही। इससे पहले निर्धारण वर्ष 2014-15 में एक करोड़ रुपए से अधिक की आय वाले लोगों की संख्या 48,417 रही। हालांकि, इन लोगों की कुल आय 2.05 लाख करोड़ रुपए रही थी। 

देश में 1.20 अरब नागरिकों में से निर्धारण वर्ष 2015-16 के दौरान 4.07 करोड़ ने आयकर रिटर्न भरा जिसमें से 82 लाख लोग ऐसे रहे जिनकी आमदनी शून्य या 2.5 लाख रुपए से कम थी। इससे पिछले निर्धारण वर्ष 2014-15 में कुल 3.65 करोड़ लोगों ने आयकर रिटर्न भरा। इनमें से 1.37 करोड़ लोगों की आय शून्य से 2.5 लाख रुपए अथवा उससे कम रही। 

निर्धारण वर्ष 2015-16 में सभी व्यक्तिगत आयकर दाताओं की सामूहिक आय 21.27 लाख करोड़ रुपए रही। इससे पिछले वर्ष में यह 18.41 लाख करोड़ रुपए रही थी। आकलन वर्ष 2015-16 में सबसे अधिक 1.33 करोड़ लोग 2.5 से 3.5 लाख रुपए की वार्षिक आय के दायरे में थे। इस साल के दौरान 55,331 लोग ऐसे थे जिनकी आय एक से पांच करोड़ रुपए के बीच रही। इसके साथ ही 3,020 लोग ऐसे थे जिनकी आय पांच से दस करोड़ रुपए थी। इससे आगे 1,156 लोग ऐसे थे जिनकी वार्षिक आय 10 से 25 करोड़ रुपए थी। 

निर्धारण वर्ष 2015-16 में सिर्फ एक व्यक्ति ऐसा था जिसकी आय 500 करोड़ रुपए से अधिक रही। इस व्यक्ति ने वर्ष के लिए 721 करोड़ रुपए की आय घोषित की। इससे पिछले साल इस श्रेणी में सात लोग शामिल थे, जिनकी सामूहिक आय 85,183 करोड़ रुपए थी। इसी तरह 100 से 500 करोड़ रुपए की आय की श्रेणी वाले व्यक्तिगत आयकरदाताओं की संख्या 31 पर पहुंच गई। इनकी सामूहिक आय 4,175 करोड़ रुपए रही। इससे पिछले साल ऐसे लोगों की संख्या 17 थी और उनकी कुल आय 2,761 करोड़ रुपए थी। 

निर्धारण वर्ष 2015-16 में व्यक्तिगत आयकर दाताओं सहित कुल 4.35 करोड़ आयकर रिटर्न दाखिल किए गए। इन लोगों ने कुल 33.62 लाख करोड़ रुपए की आय की घोषणा की। इससे पिछले साल 3.91 करोड़ लोगों ने रिटर्न दाखिल किया और उनकी कुल घोषित आय 26.93 लाख करोड़ रुपए रही। कंपनियों की ओर से कुल 7.19 लाख रिटर्न दाखिल किए गए और उनकी कुल घोषित आय 10.71 लाख करोड़ रुपए रही। 

Latest Business News

India TV पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज़ Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। Business News in Hindi के लिए क्लिक करें पैसा सेक्‍शन

Advertisement
Advertisement
Advertisement