Friday, March 29, 2024
Advertisement
  1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. हवाई जहाज में उपद्रव पड़ेगा महंगा, सरकार ने जारी की देश की पहली नो-फ्लाई लिस्‍ट

हवाई जहाज में उपद्रव पड़ेगा महंगा, सरकार ने जारी की देश की पहली नो-फ्लाई लिस्‍ट

यात्रियों की सुरक्षा को ध्‍यान में रखते हुए केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने शुक्रवार को देश की पहली नो-फ्लाई लिस्‍ट जारी की है।

Sachin Chaturvedi Sachin Chaturvedi @sachinbakul
Published on: September 08, 2017 15:57 IST
हवाई जहाज में उपद्रव पड़ेगा महंगा, सरकार ने जारी की देश की पहली नो-फ्लाई लिस्‍ट- India TV Paisa
हवाई जहाज में उपद्रव पड़ेगा महंगा, सरकार ने जारी की देश की पहली नो-फ्लाई लिस्‍ट

नई दिल्‍ली। हवाई सफर के दौरान हंगामा करने वाले यात्रियों पर सरकार सख्‍त हो गई है। यात्रियों की सुरक्षा को ध्‍यान में रखते हुए केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने शुक्रवार को देश की पहली नो-फ्लाई लिस्‍ट जारी की है। इस मौके पर केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री अशोक गजपति राजू ने यह लिस्‍ट जारी की। इस मौके पर उन्‍होंने कहा कि यात्रा के दौरान गलत व्‍यवहार करने वालों के खिलाफ सरकार सख्‍त है, ऐसे यात्रियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा उन्‍हें अगली बार उड़ान भरने से भी रोक दिया जाएगा। इस अवसर पर उन्‍होंने बताया कि नो-फ्लाई लिस्‍ट को तीन कैटेगरी में बांटा गया है। इसमें सबसे सख्‍त सजा के रुप में हवाई यात्रा पर आजीवन प्रतिबंध का प्रावधान है।

इन तीनों कैटेगरी के बारे में जानकारी देते हुए केंद्रीय नागरिक उड्डयन राज्यमंत्री जयंत सिन्हा ने बताया कि नो-फ्लाई लिस्ट में तीन कैटिगरीज हैं- पहला, मौखिक रूप से उपद्रव या बुरा व्यवहार करने वाले को 3 महीने के लिए इस लिस्ट में डाला जाएगा। दूसरा, शारीरिक रूप से बुरा बर्ताव करने वाले को 6 महीने तक इस लिस्ट में रखा जाएगा और तीसरा, जान की धमकी देने जैसे गलत आचरण करने वालों को कम-से कम दो साल के लिए और अधिकतम आजीवन काल के लिए हवाई सफर से बैन किया जा सकता है। बैन के खिलाफ अपील करने के लिए कमिटी होगी और फिर अदालत में भी चुनौती दी जा सकेगी।

नो-फ्लाई लिस्‍ट की मांग देश में लंबे समय की की जा रही थी। यात्रियों की संख्‍या बढ़ने के साथ ही एयरलाइंस स्‍टाफ एवं यात्रियों के साथ दुर्व्‍यवहार की शिकायतें आ रही थीं। वहीं इस साल शिवसेना सांसद रविन्द्र गायकवाड़ द्वारा एयर इंडिया स्टाफ के साथ बुरे व्‍यवहार बाद सभी घरेलू एयरलाइंस ने गायकवाड़ पर बैन लगा दिया था। बाद में सांसद के माफी मांगने के बाद एयरलाइंस ने बैन हटाया था। केंद्रीय मंत्री जयंत सिन्हा ने कहा कि सुरक्षा संबंधी नो-फ्लाई लिस्ट लाने वाला भारत पहला देश बन गया है।

Latest Business News

India TV पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज़ Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। Business News in Hindi के लिए क्लिक करें पैसा सेक्‍शन

Advertisement
Advertisement
Advertisement