Thursday, March 28, 2024
Advertisement
  1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. 6 महीने में बिक गए 1 करोड़ से ज्यादा टू-व्हीलर, कुल वाहन बिक्री सवा करोड़ से अधिक

6 महीने में बिक गए 1 करोड़ से ज्यादा टू-व्हीलर, कुल वाहन बिक्री सवा करोड़ से अधिक

ग्रामीण इलाकों में टू-व्हीलर वाहनों की भारी मांग है, वहीं भीड़ भाड़ वाले शहरी इलाकों में टू-व्हीलर वाहनों को बेहतर यातायात माध्यम माना जाता है।

Manoj Kumar Manoj Kumar @kumarman145
Published on: October 15, 2017 12:45 IST
6 महीने में बिक गए 1 करोड़ से ज्यादा टू-व्हीलर, कुल वाहन बिक्री सवा करोड़ से अधिक- India TV Paisa
6 महीने में बिक गए 1 करोड़ से ज्यादा टू-व्हीलर, कुल वाहन बिक्री सवा करोड़ से अधिक

नई दिल्ली। देश में आर्थिक धीमेपन को लेकर जो सवाल उठ रहे हैं उनका जवाब ऑटो बिक्री के आंकड़ों से साफ देखा जा सकता है। पिछले 6 महीने के दौरान देश में हुई वाहनों की बिक्री पर नजर डालें तो आर्थिक धीमेपन की झलक कहीं नहीं दिखती है। ऑटो कंपनियों के संगठन सियाम की तरफ से जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक अप्रैल से शुरू हुए चालू वित्त वर्ष की पहली छमाही में यान सितंबर तक देश में कुल एक करोड़ 27 लाख 51 हजार वाहन की बिक्री हो चुकी है।

सियाम के मुताबिक अप्रैल से सितंबर के दौरान कुल वाहन बिक्री में एक करोड़ पांच लाख से अधिक केवल टू-व्हीलर वाहन बिके हैं। ताजा आंकड़ों के अनुसार इस साल अप्रैल से सितंबर में कुल एक करोड़ पांच लाख सात हजार टू-व्हीलर वाहन बेचे गये। पिछले साल की इसी अवधि की तुलना में यह संख्या 10.14 प्रतिशत अधिक है। हालांकि, इस दौरान बस, ट्रक, कार व स्कूटर, मोटरसाइकिल सहित कुल वाहन बिक्री एक करोड़ 27 लाख 51 हजार 143 रही। ऐसे में कुल वाहन बिक्री में टू-व्हीलर वाहनों का हिस्सा लगभग 82.40 प्रतिशत रहा।

घरेलू बाजार में इन छह माह में कुल वाहन बिक्री में 10 लाख से अधिक यात्री कारों की बिक्री हुई। देश में यात्री कारों की बिक्री अप्रैल-सितंबर के दौरान 6.63 फीसदी बढ़कर 10,94,553 इकाई रही। इस दौरान दुपहिया, तिपहिया को छोड़कर सभी तरह के कुल 16 लाख 30 हजार 945 यात्री वाहन बेचे गये। सियाम द्वारा उपलब्ध कराये गये आंकड़ों के अनुसार बीते छह महीने में घरेलू बाजार में 65,08,952 मोटरसाइकिलें बिकीं। यानी हर महीने औसतन साढ़े सत्रह लाख से भी अधिक मोटरसाइकिल- बाइक बिके। वहीं इस दौरान स्कूटर की बिक्री 17.26 प्रतिशत बढ़कर 35,77,421 इकाई रही। हालांकि इसी खंड में मोपेड की बिक्री इस दौरान 5.63 प्रतिशत घटकर 4.20 लाख के करीब रह गई।

औद्योगिक सूत्रों का कहना है कि विशेषकर ग्रामीण इलाकों में टू-व्हीलर वाहनों की भारी मांग है, वहीं भीड़ भाड़ वाले शहरी इलाकों में टू-व्हीलर वाहनों को बेहतर यातायात माध्यम माना जाता है। सियाम के आकंड़ों के अनुसार सितंबर महीने में ही देश में 9.05 प्रतिशत बढ़ोतरी के साथ 20,41,024 टू-व्हीलर वाहन बिके। सियाम के पदाधिकारियों का कहना है कि अन्य के साथ साथ इस खंड की बिक्री के लिए त्योहारी मौसम बहुत महत्वपूर्ण है जो कि नवरात्रों से शुरू होकर दीपावली तक चलता है। टू-व्हीलर वाहन खंड में हीरो मोटोकार्प पहले नंबर पर है जिसने सितंबर में 6,14,949 वाहन बेचे। इसके अलावा बजाज, टीवीएस और हौंडा के दुपहिया वाहनों की भी अच्छी बिक्री रही।

Latest Business News

India TV पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज़ Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। Business News in Hindi के लिए क्लिक करें पैसा सेक्‍शन

Advertisement
Advertisement
Advertisement