Thursday, April 25, 2024
Advertisement

मंदसौर रेप केस पर अखिलेश यादव का बयान- भाजपा की संवेदनशून्य सरकारों की नीतियां महिला विरोधी

जो सरकार महिलाओं और बच्चियों की इज्जत और सुरक्षा नहीं कर सकती है उसे सत्ता में बने रहने का हक नहीं हैं। 

IndiaTV Hindi Desk Edited by: IndiaTV Hindi Desk
Published on: June 30, 2018 18:50 IST
समाजवादी पार्टी के...- India TV Hindi
Image Source : PTI समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव।

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को कहा कि मध्य प्रदेश के मंदसौर में सात साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना अत्यंत अमानवीय और हृदय विदारक है। उन्होंने कहा कि बहुत ही क्षोभ और शर्म का विषय है कि भाजपा शासित राज्यों में महिलाओं और बच्चों तक के साथ क्रूरता की घटनाओं में बढ़ोतरी के प्रति भाजपा सरकारें संवेदनशून्य जैसा बर्ताव करती दिखाई देती हैं। 

यादव ने आज यहां जारी एक बयान में कहा कि भाजपा की नीतियां जनविरोधी और खासकर महिला विरोधी हैं। केन्द्र सरकार के अधीन दिल्ली हो या भाजपा की अन्य राज्य सरकारें हों, वहां बच्चियां तक असुरक्षित हैं। हत्या, अपहरण और बलात्कार की घटनाओं पर इन राज्यों में अंकुश नहीं होने से अपराधियों के हौसले बढ़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में भी आए दिन ऐसे दुष्काण्ड होते रहते हैं। 

अखिलेश ने कहा कि भाजपा नेता बातें तो बड़ी-बड़ी करते हैं लेकिन जमीनी हकीकत में उनके परिणाम शून्य ही रहते हैं। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि बलात्कार की घटनाओं पर शासन प्रशासन को अत्यंत कठोर कार्रवाई करनी चाहिए और अपराधियों को कड़ा दंड मिलना चाहिए। जो सरकार महिलाओं और बच्चियों की इज्जत और सुरक्षा नहीं कर सकती है उसे सत्ता में बने रहने का हक नहीं हैं। जनता भाजपा को इन घटनाओं के लिए माफ नहीं करेगी। 

Latest Uttar Pradesh News

India TV पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज़ Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। Uttar Pradesh News in Hindi के लिए क्लिक करें भारत सेक्‍शन

Advertisement
Advertisement
Advertisement