Thursday, March 28, 2024
Advertisement

शौचालय पर भी भगवा रंग पोत दिया, धर्म का अपमान कर रही है भाजपा: अखिलेश

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि समाजवादी पार्टी दरअसल विकासवादी पार्टी है जबकि भाजपा सर्वाधिक जातिवादी है...

Bhasha Reported by: Bhasha
Published on: January 11, 2018 19:19 IST
akhilesh yadav- India TV Hindi
akhilesh yadav

लखनऊ: समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आज इमारतों से लेकर शौचालय तक को भगवा रंग में रंगने के लिए भाजपा पर धर्म का अपमान करने का आरोप लगाते हुए कहा कि रंग बदलने से कुछ होने वाला नहीं है।

अखिलेश ने यहां पार्टी मुख्यालय पर कार्यकर्ताओं से कहा कि भाजपा शौचालय तक को भगवा रंग में रंगकर धर्म का अपमान कर रही है। उसने शौचालय को इज्जतघर नाम देकर उसकी इज्जत पर भी रंग पोत दिया है। रंग बदलने से कुछ नहीं होने वाला। विकास का रंग ही स्थायी होता है। जनता के कल्याण का कोई काम करने के बजाय भाजपा सिर्फ लोगों का ध्यान भटकाने वाले काम करती है।

इस बीच, अखिलेश की उपस्थिति में बसपा, भाजपा, कांग्रेस, लोकदल तथा कौमी एकता दल के नेताओं ने अपने अनेक समर्थकों के साथ सपा की सदस्यता ग्रहण की। सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल के शुरुआती 10 महीनों में ही उत्तर प्रदेश के हालात खराब हो गए हैं। भाजपा कार्यकर्ता कानून की धज्जियां उड़ा रहे है। अपराध रूक नहीं रहे हैं। बच्चियों की ना तो इज्जत सुरक्षित है और ना ही उनकी जिंदगी। राज्य में चारों तरफ अराजकता व्याप्त है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि समाजवादी पार्टी दरअसल विकासवादी पार्टी है जबकि भाजपा सर्वाधिक जातिवादी है। भाजपा ने राज्य की पिछली सपा सरकार की जनहित की योजनाएं बंद कर दी है। भाजपा की सारी ताकत काम बिगाड़ने में लगी है।

सपा में शामिल होने वालों में बसपा छोड़कर आए पूर्व सांसद लालचंद्र कोल, पूर्व विधायक फरहत अब्बास, पूर्व विधायक ताहिर हुसैन सिद्दीकी, शम्भू चौधरी, महेश वाल्मीकि, नन्द किशोर मिश्र, पूर्वमंत्री श्याम लाल रावत प्रमुख हैं।

Latest Uttar Pradesh News

India TV पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज़ Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। Uttar Pradesh News in Hindi के लिए क्लिक करें भारत सेक्‍शन

Advertisement
Advertisement
Advertisement