Tuesday, March 19, 2024
Advertisement

कांग्रेस की उत्तर प्रदेश इकाई में बड़े बदलाव, पार्टी ने नियुक्त किए 47 नए जिलाध्यक्ष

कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश में अपने नए प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति के बाद अब जिला स्तर पर भी बड़े बदलाव किए हैं।

IANS Written by: IANS
Updated on: October 15, 2019 19:21 IST
Congress President Sonia Gandhi- India TV Hindi
Image Source : PTI Congress President Sonia Gandhi

नई दिल्ली: कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश में अपने नए प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति के बाद अब जिला स्तर पर भी बड़े बदलाव किए हैं। पार्टी ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश में 47 जिला और सात शहर प्रमुख नियुक्त किए। कांग्रेस ने सोनभद्र में आदिवासी समाज से आने वाले राम राज गोंड को जिला प्रमुख नियुक्त किया है, जो हाल में कांग्रेस महासचिव के इलाके में आंदोलन के सूत्रधार रहे थे। राम राज गोंड उसी उम्भा गांव के रहने वाले हैं, जहां भूमि विवाद में 11 आदिवासियों की हत्या कर दी गई थी।

पार्टी महासचिव (संगठन) के सी वेणुगोपाल द्वारा नई नियुक्तियों की सूची जारी की गई। विज्ञप्ति में कहा गया है कि अंतरिम कांग्रेस अध्यक्ष ने नई नियुक्तियों को मंजूरी दे दी है। नए पदाधिकारियों की औसत आयु 42 वर्ष है। नई नियुक्तियों में 14 फीसदी दलित, 33 फीसदी अन्य पिछड़ा वर्ग, 35 फीसदी अगड़ी जाति और 18 फीसदी मुस्लिम हैं। कांग्रेस सचिव धीरज गुर्जर ने बताया, "इन लोगों को कई दौर की जांच के बाद नियुक्त किया गया है। प्रियंका जी ने उनसे पूर्व में भी मुलाकात की थी।"

पार्टी ने लखनऊ, गोंडा, मुरादाबाद, कानपुर और बरेली में जिला कांग्रेस प्रमुखों की नियुक्ति नहीं की है। नियुक्तियों के बाद उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी को 14 अक्टूबर से विचार विमर्श और प्रशिक्षण सत्र आयोजित करने थे लेकिन जिला प्रमुखों की घोषणाओं में देरी के कारण यह कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया। अब इसके 22 अक्टूबर को शुरू होने की उम्मीद है।

उत्तर प्रदेश में कांग्रेस खुद को प्रमुख विपक्षी पार्टी के रूप में स्थापित करने की कोशिश कर रही है। पार्टी के प्रवक्ता राजीव त्यागी ने कहा, "केवल कांग्रेस ही जनविरोधी सरकार के खिलाफ सड़कों पर है।"

Latest Uttar Pradesh News

India TV पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज़ Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। Uttar Pradesh News in Hindi के लिए क्लिक करें भारत सेक्‍शन

Advertisement
Advertisement
Advertisement