Friday, April 19, 2024
Advertisement

योगी पर उनके ही मंत्री का बड़ा हमला, कहा- जनता ने उन्हें CM बनाने के लिए वोट नहीं दिया था

उन्होंने कहा कि भाजपा ने प्रदेश विधानसभा चुनाव केशव प्रसाद मौर्य को आगे करके लड़ा था और पिछड़े वर्ग के लोगों ने मौर्य के मुख्यमंत्री बनने की आस में ही भाजपा का समर्थन किया था...

Bhasha Reported by: Bhasha
Published on: June 04, 2018 12:12 IST
Yogi Adityanath | PTI- India TV Hindi
Yogi Adityanath | PTI

बलिया: उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने अपनी ही सरकार पर एक बार फिर हमला बोला है। राजभर ने सोमवार को कहा कि उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को मुख्यमंत्री नहीं बनाए जाने के कारण पिछड़े वर्ग में नाराजगी बढ़ी है। उन्होंने कहा कि यही कारण है कि भारतीय जनता पार्टी को उपचुनावों में हार का मुंह देखना पड़ रहा है। साथ ही उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता ने केशव प्रसाद मौर्य को मुख्यमंत्री बनाने के लिए भाजपा को वोट दिया था, लेकिन पार्टी ने प्रदेश की कमान योगी आदित्यनाथ को सौंप दी।

प्रदेश सरकार में सहयोगी दल सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष और राज्य दिव्यांग जन सशक्तिकरण मंत्री राजभर ने कहा कि लोकसभा और विधानसभा के हालिया उपचुनावों में भाजपा की पराजय के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जिम्मेदार हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ने प्रदेश विधानसभा चुनाव केशव प्रसाद मौर्य को आगे करके लड़ा था और पिछड़े वर्ग के लोगों ने मौर्य के मुख्यमंत्री बनने की आस में ही भाजपा का समर्थन किया था। राजभर ने कहा कि भाजपा ने मौर्य को किनारे कर योगी आदित्यनाथ को मुख्यमंत्री बना दिया।

ओमप्रकाश राजभर

ओमप्रकाश राजभर

उन्होंने कहा कि पार्टी के इस निर्णय से पिछड़े वर्ग में नाराजगी बढ़ी है, जिसका परिणाम यूपी के हालिया उपचुनाव में भाजपा को भुगतना पड़ा है। हालांकि उन्होंने कहा कि मौर्य को मुख्यमंत्री बनाना या ना बनाना भाजपा का निजी मामला है। राजभर ने कहा कि कैराना उपचुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी परोक्ष तौर पर चुनाव प्रचार किया, फिर भी भाजपा नहीं जीत सकी। यह पूछे जाने पर कि क्या हालिया चुनाव में पराजय के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ही जिम्मेदार हैं, उन्होंने कहा कि सरकार ही तो जिम्मेदार होगी। भाजपा को मंथन करना चाहिये कि चुनाव में उसकी लगातार पराजय के क्या कारण हैं।

Latest Uttar Pradesh News

India TV पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज़ Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। Uttar Pradesh News in Hindi के लिए क्लिक करें भारत सेक्‍शन

Advertisement
Advertisement
Advertisement