Tuesday, April 23, 2024
Advertisement

कौन होगा देश का अगला प्रधानमंत्री? बाबा रामदेव ने दिया ऐसा जवाब

रामदेव का यह बयान तब आया है जब भारतीय जनता पार्टी को हाल में संपन्न छत्तीसगढ़, राजस्थान और मध्य प्रदेश विधानसभा चुनावों में जोरदार झटका लगा है जहां कांग्रेस ने भाजपा से सत्ता छीन ली।

IndiaTV Hindi Desk Edited by: IndiaTV Hindi Desk
Published on: December 26, 2018 16:37 IST
Yoga Guru Baba Ramdev- India TV Hindi
Yoga Guru Baba Ramdev

मदुरै: योग गुरु बाबा रामदेव ने कहा कि मौजूदा राजनीतिक हालात के मद्देनजर देश के अगले प्रधानमंत्री की भविष्यवाणी करना ‘‘बहुत मुश्किल’’ है। उन्होंने कहा कि उनका ध्यान राजनीति पर केंद्रित नहीं है। 53 वर्षीय योग गुरु ने कहा कि वह 2019 के लोकसभा चुनावों में किसी का समर्थन या विरोध नहीं करेंगे।

मदुरै हवाईअड्डे पर पत्रकारों से बातचीत में मंगलवार को रामदेव ने कहा, ‘‘हम नहीं कह सकते कि 2019 के आम चुनाव के बाद अगला प्रधानमंत्री कौन बनेगा।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हमारा कोई राजनीतिक या धार्मिक एजेंडा नहीं है। हम एक आध्यात्मिक भारत और विश्व बनाना चाहते हैं, न कि हिंदू भारत या साम्प्रदायिक भारत।’’

उनका यह बयान तब आया है जब भारतीय जनता पार्टी को हाल में संपन्न छत्तीसगढ़, राजस्थान और मध्य प्रदेश विधानसभा चुनावों में जोरदार झटका लगा है जहां कांग्रेस ने भाजपा से सत्ता छीन ली।

अयोध्या विवाद का जिक्र करते हुए रामदेव ने दावा किया कि अब अगर अयोध्या में ‘राम मंदिर’ नहीं बना तो भाजपा भरोसा खो देगी। योग गुरु रामेश्वरम में भारत स्वाभिमान की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में भाग लेने आए हुए थे।

उत्तर प्रदेश में भीड़ की हिंसा पर बॉलीवुड अभिनेता नसीरुद्दीन शाह की टिप्पणी पर उन्होंने कहा, ‘‘भारत पर धार्मिक असहिष्णुता का आरोप लगाना देश के गौरव को कम करने के बराबर है।’’ उन्होंने कहा कि भारत पर धार्मिक असहिष्णुता का आरोप ‘‘अकृतज्ञता, अपमान और देशद्रोह’’ के समान है।

गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में हाल में हुई हिंसा का जिक्र करते हुए शाह ने कहा था कि देश में कई जगहों पर ‘‘गाय की मौत को एक पुलिसकर्मी की हत्या से अधिक महत्व दिया जाता है।’’

Latest India News

India TV पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज़ Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। Politics News in Hindi के लिए क्लिक करें भारत सेक्‍शन

Advertisement
Advertisement
Advertisement