Saturday, April 27, 2024
Advertisement

बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए प्रधानमंत्री से बात करूंगा: राहुल गांधी

देश में कई हिस्सों में आई भयावह बाढ़ पर चिंता प्रकट करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बृहस्पतिवार को पार्टी कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए आगे आएं।

Bhasha Reported by: Bhasha
Published on: August 08, 2019 23:34 IST
Rahul Gandhi- India TV Hindi
Image Source : ANI Rahul Gandhi

नयी दिल्ली: देश में कई हिस्सों में आई भयावह बाढ़ पर चिंता प्रकट करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बृहस्पतिवार को पार्टी कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए आगे आएं। उन्होंने यह भी कहा कि वह अपने संसदीय क्षेत्र वायनाड में बाढ़ की स्थिति और मदद को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी बात करेंगे। गांधी ने ट्वीट कर कहा, ‘‘केरल, कर्नाटक, असम और बिहार में बाढ़ की हालत गंभीर है। लाखों लोग फंसे हैं या विस्थापित हो चुके हैं।’’ 

उन्होंने कहा, ‘‘मैं बाढ़ प्रभावित राज्यों के कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आग्रह करता हूं कि वे जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए जो भी कर सकते हैं, वो करें।’’ गांधी ने कहा, ‘‘मैं प्रार्थना करता हूं कि बाढ़ का पानी जल्द कम हो।’’ अपने संसदीय क्षेत्र वायनाड में बाढ़ पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा, ‘‘वायनाड के लोगों के साथ मेरी संवेदना और प्रार्थना जो बाढ़ का सामना कर रहे हैं। मैं वायनाड जाने वाला था, लेकिन मुझे अधिकारियों ने सलाह दी है कि वहां मेरी मौजूदगी से राहत अभियान बाधित हो सकता है। मैं उनकी अनुमति की प्रतीक्षा कर रहा हूं।’’ 

उन्होंने कहा, ‘‘आज मैंने केरल के मुख्यमंत्री पी विजयन से बात की और वायनाड में बाढ़ की गंभीर स्थिति की ओर उनका ध्यान खींचा। मैंने वायनाड, कोझीकोड और मलप्पुरम के कलेक्टरों से भी बात की है ।’’ गांधी ने कहा, ‘‘मैं आशा करता हूं कि राज्य सरकार बाढ़ प्रभावित लोगों को उचित वित्तीय पैकेज देगी।’’ बाद में उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘ मैंने मुख्यमंत्री से बात की है। आगे प्रधानमंत्री से भी बात करूंगा कि मेरे संसदीय क्षेत्र को मदद की जरूरत है।’

Latest India News

India TV पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज़ Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। Politics News in Hindi के लिए क्लिक करें भारत सेक्‍शन

Advertisement
Advertisement
Advertisement