Thursday, April 18, 2024
Advertisement

पंजाब: अमरिंदर सरकार में 9 नए कैबिनेट मंत्री शामिल, दो महिला मंत्रियों को कैबिनेट मंत्री का दर्जा

पंजाब में शनिवार को अमरिंदर सिंह सरकार में नौ नए कैबिनेट मंत्रियों को शामिल किया गया। साथ ही दो महिला मंत्रियों को कैबिनेट मंत्री का दर्जा दिया गया।

IndiaTV Hindi Desk Edited by: IndiaTV Hindi Desk
Published on: April 21, 2018 20:38 IST
Amrinder singh cabinet expansion in punjab- India TV Hindi
Amrinder singh cabinet expansion in punjab

चंडीगढ़: पंजाब में शनिवार को अमरिंदर सिंह सरकार में नौ नए कैबिनेट मंत्रियों को शामिल किया गया। साथ ही दो महिला मंत्रियों को कैबिनेट मंत्री का दर्जा दिया गया। राज्यपाल वी.पी. बड़नोर ने सभी नए मंत्रियों को यहां राजभवन में शनिवार शाम को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। सभी सदस्य पहली बार मंत्री बने हैं।अरुणा चौधरी और रजिया सुल्तान दो महिला मंत्री हैं, जिन्हें शनिवार को राज्यमंत्री के पद से कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। दोनों को राज्यपाल द्वारा कैबिनेट मंत्री पद की शपथ दिलाई गई।

ये नए मंत्री हैं ओ.पी. सोनी, राणा गुरमीत सिंह सोढ़ी, सुखजिंदर सिंह रंधावा, सुखबिंदर सिंह सरकारिया, गुरप्रीत कांगड़, बलबीर सिंह सिद्धू, विजय इंदर सिंघला, भारत भूषण आशू और सुंदर श्याम अरोड़ा। कैबिनेट मंत्रियों के पद पूरे भर जाने के कारण उम्मीद लगाए बैठे कई नेता सत्तारूढ़ पार्टी से नाराज हो सकते हैं। अपनी नाखुशी जताने के लिए कुछ पार्टी से इस्तीफा भी दे सकते हैं।

जिन मजबूत दावेदारों को दरकिनार किया गया, उनमें भारतीय युवा कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वारिंग, कुलजीत सिंह नागरा, पूर्व ओलंपिक पदक विजेता परगट सिंह और दलित नेता राजकुमार वेर्का शामिल हैं। कांग्रेस विधायक संगत सिंह गिलजिया, सुरजीत धीमान और नाथू राम ने नई सूची की घोषणा होने के बाद पार्टी पदों से इस्तीफा दे दिया। कुछ वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओं और पंजाब प्रभारी आशा कुमारी ने गुस्साए विधायकों को शांत कराने के लिए उनसे बातचीत की। 

Latest India News

India TV पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज़ Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। Politics News in Hindi के लिए क्लिक करें भारत सेक्‍शन

Advertisement
Advertisement
Advertisement