Thursday, April 25, 2024
Advertisement

BJD समेत विपक्षी दल ‘मोदी फोबिया’ से ग्रस्त, अगले चुनाव में भाजपा को ही जनादेश मिलेगा: शाह

भाजपा अध्यक्ष ने दावा किया कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश में आयुष्मान योजना का शुभारंभ किया लेकिन ओडिशा की सरकार यह योजना राज्य में लागू नहीं कर रही है।

India TV News Desk Edited by: India TV News Desk
Published on: September 24, 2018 16:31 IST
भाजपा अध्यक्ष अमित शाह- India TV Hindi
भाजपा अध्यक्ष अमित शाह

पुरी: ओडिशा की गरीबी के लिए मुख्यमंत्री नवीन पटनायक को जिम्मेदार ठहराते हुए भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने सोमवार को कहा कि कांग्रेस और बीजू जनता दल (BJD) सहित विपक्षी पार्टियां ‘मोदी फोबिया’ से ग्रस्त हैं और ओडिशा की जनता के आर्शीवाद से राज्य एवं केंद्र दोनों में ही भाजपा की सरकार बनेगी।

ओडिशा के पुरी में महिला शक्ति केंद्र सम्मेलन को संबोधित करते हुए शाह ने जोर दे कर कहा, ‘‘मोदी सरकार ‘मेकिंग इंडिया’ में जुटी हुई है जबकि कांग्रेस एवं विपक्षी दल ‘ब्रेकिंग इंडिया’ में लगे हुए हैं।’’ भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कहते हैं ‘गरीबी हटाओ’ और विपक्ष कहता है ‘मोदी हटाओ।’ मोदी को हटाने के अलावा विपक्ष का कोई एजेंडा नहीं है। विपक्ष को ‘मोदी फोबिया’ हो गया है।

शाह ने ओडिशा की गरीबी के लिये मुख्यमंत्री नवीन पटनायक को जिम्मेदार ठहराते हुए आरोप लगाया कि केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं और वित्तीय सहायता को गरीबों तक पहुंचने नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने जोर दिया, ‘‘ओडिशा की माताओं और बहनों के आशीर्वाद से राज्य और केंद्र दोनों में ही भाजपा की सरकार बनेगी।’’

भाजपा अध्यक्ष ने दावा किया कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश में आयुष्मान योजना का शुभारंभ किया लेकिन ओडिशा की सरकार यह योजना राज्य में लागू नहीं कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 3 साल के अन्दर ओडिशा में हमारे 14 कार्यकर्ताओं की हत्या की गई है।

उन्होंने जोर दे कर कहा कि विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से मोदी सरकार ने महिलाओं का सम्मान बढ़ाने का काम किया है। शाह ने कहा कि विकास के मामले में पहले स्थान में आने की जगह ओडिशा, महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार में सबसे आगे का स्थान ले रहा है। बीजू जनता दल की इस सरकार में अब बीजू पटनायक जी के सिद्धांत नहीं रहे हैं।

Latest India News

India TV पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज़ Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। Politics News in Hindi के लिए क्लिक करें भारत सेक्‍शन

Advertisement
Advertisement
Advertisement