Friday, March 29, 2024
Advertisement

#MeToo पर घिरे एमजे अकबर ने पहली बार तोड़ी चुप्पी, कहा- आरोप लगाने वालों पर करूंगा कानूनी कार्रवाई

कई महिला पत्रकारों के यौन उत्पीड़न का आरोप झेल रहे केंद्रीय मंत्री एमजे अकबर ने विदेश से लौटकर प्रधानमंत्री कार्यालय को एक पत्र लिखा है।

IndiaTV Hindi Desk Edited by: IndiaTV Hindi Desk
Updated on: October 15, 2018 21:47 IST
Union Minister MJ Akbar- India TV Hindi
Union Minister MJ Akbar

नई दिल्ली: मी टू कैंपेन के तहत यौन शोषण के आरोपों पर विदेश राज्य मंत्री एमजे अकबर ने पहली बार जवाब दिया है। एमजे अकबर ने कहा कि उन पर लगे सभी आरोप झूठे हैं और वो इन सब के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेंगे। अकबर ने इन आरोपों पर सवाल उठाते हुए कहा है कि कहीं इनसब के पीछे कोई एजेंडा तो नहीं है। आम चुनाव से पहले ऐसे आरोप लगाने के पीछे भला क्या मकसद हो सकता है।

विदेश यात्रा से लौटने के कुछ ही घंटों बाद विदेश राज्य मंत्री ने एक बयान जारी किया और इन आरोपों को बेबुनियाद बताया। उन्होंने बयान में कहा,‘‘मेरे खिलाफ लगाए गये दुर्व्यवहार के आरोप झूठे और मनगढंत है। इन झूठे और बेबुनियाद आरोपों से मेरी छवि को अपूर्णीय क्षति पहुंची है।’’ अकबर ने कहा कि उनके वकील इन मनगढंत और बेबुनियाद आरोपों पर गौर करेंगे। उन्होंने सवाल किया कि आम चुनावों से कुछ महीने पहले यह तूफान क्यों उठा है?

रविवार को विदेश दौरे से वापस लौटे अकबर ने एयरपोर्ट पर सवालों का जवाब देते हुए विदेश राज्य मंत्री ने कहा था कि वह इस बारे में बाद में एक बयान जारी करेंगे। उन्होंने कहा था, ‘बाद में एक बयान जारी किया जाएगा।’ वहीं, कांग्रेस ने इस पूरे मामले पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपनी चुप्पी तोड़ने की मांग की है।

कई महिला पत्रकारों ने आरोप लगाया है कि अकबर जब पत्रकार थे तो उन्होंने उनका यौन उत्पीड़न किया। सोशल मीडिया पर मी टू अभियान के तहत सामने आए इन खुलासों के बाद अकबर की तरफ से आरोपों पर बयान का इंतजार किया जा रहा था। भाजपा ने संकेत दिया था कि स्वदेश लौटने के बाद अकबर द्वारा इस विषय पर अपनी स्थिति स्पष्ट करने के उपरांत पार्टी उन पर लगे यौन उत्पीड़न के आरोपों पर कोई स्पष्ट रूख अपनाएगी।

Latest India News

India TV पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज़ Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। Politics News in Hindi के लिए क्लिक करें भारत सेक्‍शन

Advertisement
Advertisement
Advertisement