Thursday, April 25, 2024
Advertisement

मनोज तिवारी को दिल्ली का अगला मुख्यमंत्री बता बयान से पलटे हरदीप पुरी

केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने रविवार को घोषणा करते हुए कहा कि दिल्ली में होने वाले विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश इकाई प्रमुख मनोज तिवारी के नेतृत्व में लड़ेगी।

IANS Reported by: IANS
Published on: November 24, 2019 20:51 IST
Manoj Tiwari- India TV Hindi
Manoj Tiwari

नई दिल्ली: केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने रविवार को घोषणा करते हुए कहा कि दिल्ली में होने वाले विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश इकाई प्रमुख मनोज तिवारी के नेतृत्व में लड़ेगी। उन्होंने आगे कहा कि जब तक अभिनेता से नेता बने तिवारी को वह मुख्यमंत्री नहीं बना देते, वह चैन से नहीं बैठेंगे। हालांकि, पुरी ने बाद में अपनी बात को साफ करते हुए कहा कि उनका मतलब था कि भाजपा मनोज तिवारी के नेतृत्व में दिल्ली के चुनाव में जीत दर्ज करेगी।

दिल्ली भाजपा के सह-प्रभारी पुरी ने यह घोषणा पार्टी कार्यकर्ताओं के सामने कही। पुरी ने कहा, "हम मनोज तिवारी जी के नेतृत्व में चुनाव लड़ने जा रहे हैं। हमें पूरा विश्वास है कि वह मुख्यमंत्री बनेंगे।" पार्टी कार्यकर्ताओं ने 'अबकी बार मनोज तिवारी' और 'जय श्री राम' के नारों के साथ पुरी की घोषणा का स्वागत किया।

बाद में उन्होंने ट्वीट कर कहा कि उनके कहने का मतलब था कि पार्टी मनोज तिवारी के नेतृत्व में चुनाव लड़ेगी और जीत दर्ज करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी ने अभी तक मुख्यमंत्री पद के दावेदार की घोषणा नहीं की है।

पुरी ने ट्वीट कर कहा, "दिल्ली में भाजपा विजय की ओर अग्रसर है। पार्टी ने अब तक मुख्यमंत्री पद के लिए किसी को नामित नहीं किया है। श्री मनोज तिवारी दिल्ली इकाई के अध्यक्ष हैं। पार्टी उनके नेतृत्व में पूरे जोश से काम कर रही है। मेरे बयान का मतलब था कि भाजपा उनके नेतृत्व में भारी मतों से आगामी चुनाव जीतेगी।"

इसबीच, आम आदमी पार्टी (आप) ने रविवार को तिवारी को बधाई दी और घोषणा करते हुए कहा कि अब दिल्ली के चुनाव अरविंद केजरीवाल बनाम मनोज तिवारी हैं।

दिल्ली के उप-मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने इस निर्णय का स्वागत किया और तिवारी को बधाई दी। आप के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा, "अब विरोधी के रूप में तिवारी जी सामने हैं और केजरीवाल जी 2015 के रिकॉर्ड को भी तोड़ देंगे।"

Latest India News

India TV पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज़ Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। Politics News in Hindi के लिए क्लिक करें भारत सेक्‍शन

Advertisement
Advertisement
Advertisement