Thursday, March 28, 2024
Advertisement

गुजरात: जसदण उपचुनाव में BJP जीती, विधानसभा में पार्टी का संख्या बल 100 पर पहुंचा

गुजरात में सत्तारूढ़ बीजेपी ने जसदण विधानसभा उपचुनाव में रविवार को आसान जीत दर्ज कर ली। इसी के साथ सदन में भाजपा का संख्या बल 100 पर पहुंच गया है।

IndiaTV Hindi Desk Edited by: IndiaTV Hindi Desk
Updated on: December 23, 2018 21:00 IST
BJP wins Jasdan assembly bypoll in Gujarat- India TV Hindi
BJP wins Jasdan assembly bypoll in Gujarat

अहमदाबाद: गुजरात में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने जसदण विधानसभा उपचुनाव में रविवार को आसान जीत दर्ज कर ली। इसी के साथ सदन में भाजपा का संख्या बल 100 पर पहुंच गया है। भाजपा प्रत्याशी और मंत्री कुंवरजी बावलिया ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के अवसर नाकिया को 19,979 वोटों से शिकस्त दी। बावलिया राजकोट जिले की जसदण विधानसभा सीट को न केवल अपने पास रखने में कामयाब रहे, बल्कि अपनी जीत का अंतर भी बढ़ाया है। उन्होंने 2017 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार के तौर यहां से जीत हासिल की थी।

इसी के साथ, 182 सदस्य वाली विधानसभा में भाजपा के 100 विधायक हो गए हैं, जबकि कांग्रेस के विधायकों की संख्या घट कर 76 हो गई। राज्य में दो दशक से शासन कर रही भाजपा ने 2017 के विधानसभा चुनाव में भगवा दल ने 99 सीटें जीतीं थीं और कांग्रेस के खाते में 77 सीटें आई थीं।

PM मोदी ने जसदण के लोगों का आभार व्यक्त किया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात में विधानसभा उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी की जीत पर जसदण सीट के लोगों का आभार व्यक्त किया। मोदी ने ट्वीट किया, ‘‘ मैं भाजपा को आर्शीवाद देने और पार्टी के विकास के एजेंडे का समर्थन करने के लिए जसदण के लोगों का आभार व्यक्त करता हूं। जीत के लिए कुंवरजी भाई बावलिया को बधाई।’’ उन्होंने राज्य में भाजपा के सदस्यों और मुख्यमंत्री विजय रूपाणी की भी सराहना की।

अधिकारियों ने बताया कि मतगणना के आखिर में बावलिया को कुल 90,262 वोट मिले जबकि नाकिया 70,283 मत हासिल कर पाए। उनके अलावा, चुनावी रण में छह अन्य प्रत्याशी थे। उन्होंने बताया कि 2,146 मतदाताओं ने नोटा का बटन दबाया।

जसदण विधानसभा सीट पर उपचुनाव के तहत 20 दिसंबर को वोट डाले गए थे और मतदान 71.27 प्रतिशत रहा था। यह उपचुनाव भाजपा और विपक्षी कांग्रेस के बीच प्रतिष्ठा का प्रश्न था, क्योंकि भाजपा हाल में जहां तीन राज्यों-मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में मिली हार से उबरने की कोशिश कर रही है, वहीं कांग्रेस इन तीन राज्यों में मिली जीत से गदगद है।

बावलिया ने दो जुलाई को इस्तीफा दिया था और उन्हें उसी दिन भाजपा सरकार में कैबिनेट मंत्री बना दिया गया था। बावलिया ने 2017 में भाजपा के उम्मीदवार को 9,277 मतों से मात दी थी। नतीजे का ऐलान होने के बाद, बावलिया ने उप चुनाव में जीत के लिए जसदण के मतदाताओं, भाजपा में शामिल होने के बाद भी उनका समर्थन करने वाले कांग्रेस के दोस्तों, भागवा दल के नेतृत्व और इसके कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।

छठी बार जसदण से जीते बावलिया ने कहा कि वह जन केंद्रित मुद्दों को उठाएंगे। उन्होंने कहा, ‘‘यह जीत इस इलाके के लोगों की है और मुख्यमंत्री (विजय) रूपाणी, प्रदेश भाजपा जीतू वाघवाणी और अन्य दोस्तों तथा मेरे भाजपा में शामिल होने के बाद भी मेरा समर्थन करने वाले कांग्रेस के पूर्व सहयोगी तथा मेरे लिए काम करने वाले पार्टी कार्यकर्ताओं के प्रयासों का भी परिणाम है।’’ चुनाव नियमों के मुताबिक, बावलिया को मंत्री बनने के 6 महीने के अंदर विधानसभा के लिए निर्वाचित होना आवश्यक था।

जैसे ही चुनाव के नतीजे का ऐलान हुआ, वैसे ही रूपाणी समेत भाजपा नेता गांधीनगर में प्रदेश भाजपा मुख्यालय पर इकट्ठा होना शुरू हो गए। रूपाणी ने कहा, ‘‘तीन राज्यों के परिणामों के बाद, कांग्रेस अति उत्साह में जसदण में कई झूठ फैला रही थी। कुंवरजी भाई पिछली बार 9,000 से ज्यादा मतों से जीते थे। इस बार अंतर बड़ा है जो दिखाता है कि भाजपा और कांग्रेस के मतदाताओं ने कमल (भाजपा के चिन्ह) को वोट दिया।’’

रूपाणी ने कहा कि जसदण में पार्टी की जीत बताती है किसान सत्तारूढ़ पार्टी के साथ हैं, क्योंकि इस सीट में अधिकांश हिस्सा ग्रामीण है। राजकोट जिला पंचायत के सदस्य नाकिया ने उन्हें वोट देने वालो का आभार जताया।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमित चावड़ा ने उपचुनाव में पार्टी की हार स्वीकार की। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘मैं जसदण के लोगों का उनके प्यार एवं समर्थन के लिए आभार व्यक्त करता हूं। हम विनम्रता से अपनी हार स्वीकार करते हैं। हम विधानसभा और सड़कों पर किसानों तथा लोगों की आवाज उठाते रहेंगे। चुनाव प्रचार में बिना थके काम करने वाले गुजरात कांग्रेस के कार्यकर्ताओं और नेताओं का आभार।’’

Latest India News

India TV पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज़ Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। Politics News in Hindi के लिए क्लिक करें भारत सेक्‍शन

Advertisement
Advertisement
Advertisement