Friday, April 26, 2024
Advertisement

बंगाल में स्थिति से अवगत कराने के लिए भाजपा ने गृहमंत्री, राष्ट्रपति से मांगा समय

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पश्चिम बंगाल में पूरी तरह चरमराई कानून-व्यवस्था के बारे में सूचित करने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से समय मांगा है।

Bhasha Reported by: Bhasha
Published on: October 11, 2019 11:39 IST
बंगाल में स्थिति से अवगत कराने के लिए भाजपा ने गृहमंत्री, राष्ट्रपति से मांगा समय- India TV Hindi
बंगाल में स्थिति से अवगत कराने के लिए भाजपा ने गृहमंत्री, राष्ट्रपति से मांगा समय

कोलकाता: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पश्चिम बंगाल में पूरी तरह चरमराई कानून-व्यवस्था के बारे में सूचित करने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से समय मांगा है। पार्टी के महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। मुर्शिदाबाद के नृशंस तिहरे हत्याकांड और राज्य भर में भाजपा कार्यकर्ताओं पर कथित हमले की पृष्ठभूमि में यह जानकारी सामने आई है। 

पश्चिम बंगाल में पार्टी के प्रभारी विजयवर्गीय ने इस घटना और भाजपा कार्यकर्ताओं पर कथित हमलों को लेकर राज्य सरकार की आलोचना की। विजयवर्गीय ने कहा, “हमने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जी और राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से बंगाल में बदतर होती कानून-व्यवस्था से उन्हें अवगत कराने के लिए समय मांगा है। दिन-दहाड़े लोगों की हत्या की जा रही है।” 

भाजपा सूत्रों के मुताबिक पार्टी राज्य में पिछले दो साल में मारे गए 80 से अधिक भाजपा कार्यकर्ताओं के ब्यौरे के साथ एक ज्ञापन तैयार करेगी। मुर्शिदाबाद में स्कूल शिक्षक, उसकी पत्नी और नाबालिग बेटे की नृशंसा हत्या ने बृहस्पतिवार को राजनीतिक रंग ले लिया था जहां भाजपा तथा पश्चिम बंगाल के राज्यपाल जगदीप धनखड़ ने इस घटना को लेकर ममता बनर्जी की सरकार पर निशाना साधा। 

वहीं आरएसएस ने दावा किया कि शिक्षक संगठन का समर्थक था। धनखड़ ने कहा कि घटना मानवता को शर्मसार करने वाली है और इस चूक के लिए राज्य सरकार की आलोचना की। शिक्षक बंधु प्रकाश पाल (35), उनकी गर्भवती पत्नी ब्यूटी और आठ वर्षीय बेटे आंगन के शव मंगलवार को मुर्शिदाबाद के जियागंज में उनके घर में रक्तरंजित अवस्था में मिले थे। उस समय दुर्गा पूजा चल रही थी।

Latest India News

India TV पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज़ Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। Politics News in Hindi के लिए क्लिक करें भारत सेक्‍शन

Advertisement
Advertisement
Advertisement