Saturday, April 20, 2024
Advertisement

JDU ने कहा, '2020 में ही होंगे बिहार विधानसभा चुनाव'

जेडीयू ने कहा कि बिहार विधानसभा का चुनाव 2020 में ही होगा, 2019 में नहीं हो सकता है...

Bhasha Reported by: Bhasha
Published on: January 28, 2018 20:40 IST
nitish kumar- India TV Hindi
nitish kumar

पटना: बिहार में भाजपा के साथ सत्ताधारी पार्टी जेडीयू ने लोकसभा और विधानसभा का चुनाव 2019 में एक साथ संभव नहीं बताते हुए आज स्पष्ट कर दिया कि विधानसभा का चुनाव 2020 में ही होंगे।

जेडीयू अध्यक्ष नीतीश कुमार की अध्यक्षता में पार्टी कार्यकारिणी की बैठक के बाद जेडीयू के प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह और कोषाध्यक्ष रणवीर नंदन के साथ आज पत्रकारों को संबोधित करते हुए पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) आरसीपी सिंह ने कहा कि चुनाव खर्च को कम करने के लिए लोकसभा और विधानसभा के चुनाव साथ कराने के लिए हमारी पार्टी सैद्धांतिक तौर पर सहमत है।

उन्होंने कहा कि ऐसा पूरे देश में हो और यह नहीं कि 2019 में होने वाले लोकसभा चुनाव के साथ बिहार विधानसभा का चुनाव करा दिया जाए। सिंह ने कहा कि बिहार विधानसभा का चुनाव अपने निर्धारित समय 2020 में ही होगा और हमारी पार्टी दोनों चुनावों को ध्यान में रखकर अपनी तैयारी भी कर रही है।

यह पूछे जाने पर अगर 2019 में लोकसभा के साथ बिहार विधानसभा का चुनाव अगर होता है तो क्या उसके लिए आपकी पार्टी तैयार है, सिंह ने कहा कि अभी गुजरात में चुनाव हुए और क्या वहां के विधानसभा का चुनाव लोकसभा के साथ कराया जाना संभव था। उन्होंने कहा कि उसी प्रकार से भविष्य में नगालैंड और त्रिपुरा में विधानसभा का चुनाव होने जा रहा है, तो क्या इन स्थानों का चुनाव लोकसभा चुनाव के साथ कराया जाना संभव है।

सिंह ने कहा कि हर प्रदेश की अपनी अलग-अलग परिस्थितियां हैं उसके अनुसार लोकसभा चुनाव के साथ विधानसभा चुनाव को तुरंत लागू नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि बिहार विधानसभा का चुनाव 2020 में ही होगा, 2019 में नहीं हो सकता है।

Latest India News

India TV पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज़ Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। Politics News in Hindi के लिए क्लिक करें भारत सेक्‍शन

Advertisement
Advertisement
Advertisement