Friday, April 19, 2024
Advertisement

विधानसभा उपचुनाव परिणाम: बीजेपी की करारी हार, 10 सीटों में से केवल 1 सीट से करना पड़ा संतोष

सत्तारूढ़ पार्टी भाजपा के लिए सबसे बड़ा झटका 10 विधानसभा सीटों के उपचुनाव के परिणाम है जहां वह केवल एक ही सीट (उत्तराखंड) में जीत सकी। 

IndiaTV Hindi Desk Edited by: IndiaTV Hindi Desk
Published on: May 31, 2018 22:27 IST
By poll result- India TV Hindi
Image Source : PTI By poll result

नयी दिल्ली / लखनऊ / मुम्बई / पटना: केन्द्र में सत्तारूढ़ भाजपा को आज एक करारा झटका देते हुए विपक्षी पार्टियों ने लोकसभा और विधानसभा की 14 सीटों के उपचुनावों में 11 सीटों पर जीत दर्ज की जबकि भगवा पार्टी तथा उसके सहयोगियों को केवल तीन सीटों तक ही सीमित कर दिया। विपक्षी एकजुटता के कारण भाजपा ने उत्तर प्रदेश की चर्चित कैराना लोकसभा सीट को भी गंवा दिया। 

अगले वर्ष होने वाले आम चुनाव के मद्देनजर हर एक उपचुनाव को प्रतिष्ठा की नजर से देखा जा रहा है। विपक्षी नेताओं ने दावा किया कि आज के परिणामों से पता चलता है कि 11 राज्यों में केन्द्र की मोदी सरकार की लोकप्रियता में गिरावट आई है तो वहीं भाजपा ने कहा कि पीएम - ‘ पी ’ परफोरमेंस (कामकाज) और ‘ एम ’ मेहनत (कड़ी मेहनत) अगले वर्ष होने वाले लोकसभा चुनाव का निर्णय करेंगे। 

सत्तारूढ़ पार्टी भाजपा के लिए सबसे बड़ा झटका 10 विधानसभा सीटों के उपचुनाव के परिणाम है जहां वह केवल एक ही सीट (उत्तराखंड) में जीत सकी। कांग्रेस ने तीन सीटें (मेघालय , कर्नाटक और पंजाब) जीती जबकि छह सीटों पर अन्य पार्टियों ने जीत दर्ज की जिनमें से झामुमो ने झारखंड में दो सीटें , माकपा , सपा , राजद और तृणमूल ने एक - एक सीट क्रमश : केरल , उत्तर प्रदेश , बिहार और पश्चिम बंगाल में जीतीं। 

कांग्रेस ने महाराष्ट्र में भी एक विधानसभा सीट बिना चुनाव लड़े जीती। इस सीट पर सभी अन्य पार्टियों ने अपने उम्मीदवार वापस ले लिये थे। कांग्रेस ने कर्नाटक की आरआर नगर विधानसभा सीट पर जीत दर्ज कर इसे बरकरार रखा जबकि मेघालय में उपचुनाव में मिली जीत को पार्टी ने मोदी सरकार के चार साल के खिलाफ लोगों का जनादेश बताया विधानसभा सीटों में भाजपा और उसके सहयोगी उत्तर प्रदेश की नूरपुर और पंजाब की शाहकोट सीट पर पराजित हो गये जबकि कांग्रेस , माकपा , झारखंड मुक्ति मोर्चा और तृणमूल कांग्रेस अपनी - अपनी सीटों को बचाने में कामयाब रहे। 

भाजपा ने उत्तराखंड की थराली सीट पर जीत दर्ज की लेकिन उत्तर प्रदेश की नुरपूर सीट गंवा दी और इस सीट पर सपा उम्मीदवार ने जीत हासिल की। बिहार में राजद ने जोकीहाट विधानसभा सीट पर भाजपा की सहयोगी जद (यू) के उम्मीदवार को बड़े अंतर से पराजित किया। यह परिणाम मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के एक बड़ा झटका माना जा रहा है। इस सीट पर राजद के शाहनवाज आलम ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी जदयू के मुर्शीद आलम को हराया। 

पंजाब की सत्ताधारी कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवार हरदेव सिंह लाडी ने आज शाहकोट विधानसभा सीट से जीत दर्ज की। उन्होंने शिरोमणि अकाली दल के उम्मीदवार नायब सिंह कोहाड़ को 38 हजार 801 मतों से पराजित किया। कांग्रेस प्रत्याशी मिआनी डी शिरा ने मेघालय की अंपाति विधानसभा सीट जीत ली है। इसके साथ ही विपक्षी कांग्रेस मेघालय विधानसभा में सबसे बड़ी पार्टी बन गयी है। इस सीट पर मिआनी के पिता मुकुल संगमा के इस्तीफे के बाद उपचुनाव कराया गया था। 

झारखंड की गोमिया तथा सिल्ली विधानसभा सीटों से उपचुनाव का परिणाम राज्य में मुख्य विपक्षी दल झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के पक्ष में आया है। पहले भी दोनो सीटें झामुमो के पास ही थीं। केरल में सत्तारूढ़ माकपा के नेतृत्व वाले एलडीएफ के उम्मीदवार साजी चेरियन ने आज चेंगन्नुर विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस के अपने करीबी प्रतिद्वंद्वी को 20,956 मतों के भारी अंतर से मात दी। पश्चिम बंगाल में सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस ने महेशताला विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा को 62,827 वोटों से हराकर जीत दर्ज की। 

Latest India News

India TV पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज़ Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। Politics News in Hindi के लिए क्लिक करें भारत सेक्‍शन

Advertisement
Advertisement
Advertisement