Friday, March 29, 2024
Advertisement

'नौटंकी की राजनीति' करने वाली AAP लोकतंत्र का 'गला घोंट' रही है: जेटली

वित्त मंत्री अरुण जेटली ने कहा कि जो लोग भारत को 'तोड़ने' की चाहत रखने वालों के समर्थन में आए वे आज दिल्ली में विपक्ष और लोकतंत्र को 'कुचलने' का प्रयास कर रहे हैं।

Bhasha Bhasha
Published on: March 27, 2016 7:30 IST
arun jaitley- India TV Hindi
arun jaitley

नई दिल्ली: वित्त मंत्री अरुण जेटली ने आम आदमी पार्टी की सरकार पर प्रहार करते हुए कहा कि दिल्ली विधानसभा में विपक्ष के तीन नेताओं पर 'हमला' करने का इसका कृत्य लोकतंत्र की आवाज को दबाने के उद्देश्य से किया गया। उन्होंने BJP से कहा कि दिल्ली में अपने आधार को मजबूत करे और राजनीतिक जगह को ग्रहण करे, क्योंकि कांग्रेस का जोश खत्म हो गया और लोग AAP को लेकर भ्रमित हैं।

दिल्ली विधानसभा में BJP के नेता विजेन्द्र गुप्ता को लेकर हुए विवाद का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, 'लोकतंत्र का गला घोंटने और विचार की अभिव्यक्ति पर हमले को लेकर उन्हें (AAP) कोई परवाह नहीं है। किसी लेख के जरिए अपना विचार व्यक्त करने के लिए दिल्ली में विधानसभा के अंदर विपक्ष पर हमले से बड़ा और कोई लोकतंत्र और किसी की आजादी पर हमला नहीं हो सकता।'

दिल्ली BJP की कार्यकारी समिति की बैठक को संबोधित करते हुए जेटली ने कहा कि यह 'सकारात्मक कार्यों के बजाए झगड़ने' वाली सरकार है। उन्होंने कहा कि जो लोग भारत को 'तोड़ने' की चाहत रखने वालों के समर्थन में आए वे आज दिल्ली में विपक्ष और लोकतंत्र को 'कुचलने' का प्रयास कर रहे हैं।

उन्होंने कहा, 'चाहे हम चुनाव हारे हों, लेकिन जोश नहीं। दिल्ली में मैदान खुला है, क्योंकि कांग्रेस का जोश खत्म हो चुका है। यह अपना राजनीतिक स्थान खोती जा रही है।' उन्होंने कहा कि आप सरकार के साथ भ्रम की स्थिति बनी हुई है क्योंकि 'नौटंकी की राजनीति' एक हद तक ही की जा सकती है।

Latest India News

India TV पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज़ Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। Politics News in Hindi के लिए क्लिक करें भारत सेक्‍शन

Advertisement
Advertisement
Advertisement