Thursday, April 25, 2024
Advertisement

युवाओं को जोड़ने के लिए इस प्लान पर काम कर रहा है राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ

ज्वॉइन RSS के माध्यम से जुड़ने वाले युवाओं की संख्या में 2015 की तुलना में 2016 में 48 प्रतिशत और 2017 में 52 प्रतिशत की वृद्धि हुई है...

Bhasha Reported by: Bhasha
Published on: October 15, 2017 14:06 IST
Rashtriya Swayamsevak Sangh- India TV Hindi
Rashtriya Swayamsevak Sangh | AP Photo

नई दिल्ली: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) ने युवाओं को बड़े पैमाने पर संगठन से जोड़ने के लिए 3 वर्ष का खाका तैयार किया है। संघ की योजना के मुताबिक, 15 वर्ष से कम आयु के किशोरों को नियमित शाखा से जोड़ने और 15 वर्ष से अधिक आयु के किशोरों के लिए साप्ताहिक मिलन कार्यक्रम की पहल को तत्परता से आगे बढ़ाया जाएगा। संघ के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख मनमोहन वैद्य ने बताया कि समाज में संघ का कार्य बढ़ा है। संघ कार्य के विस्तार में युवाओं की बड़ी भूमिका है। संघ का एक प्रकल्प है ज्वॉइन RSS, जिसके माध्यम से बड़ी संख्या में टेक्नोसेवी युवा संघ से जुड़ रहे हैं। 

ज्वॉइन RSS के माध्यम से जुड़ने वाले युवाओं की संख्या में 2015 की तुलना में 2016 में 48 प्रतिशत और 2017 में 52 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। यह सभी आंकड़े जनवरी से जून तक के हैं जिनमें 20 से 35 आयु वर्ग के युवकों की संख्या अधिक है। कुछ राजनीतिक दलों के, RSS से युवाओं के दूरी बनाने के दावों को खारिज करते हुए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने देशभर में अपनी शाखाओं के बारे में आंकड़ों के माध्यम से जोर दिया कि पिछले वर्षो में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का कार्य, शाखाओं की संख्या और युवाओं के सहयोग में लगातार वृद्धि हुई है। RSS के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले वर्ष संघ की शाखा के स्थानों की संख्या में 550 की वृद्धि हुई है। वर्तमान में 34 हजार से अधिक स्थानों पर प्रतिदिन शाखा और 15 हजार से अधिक स्थानों पर साप्ताहिक मिलन संचालित हो रहे हैं, अर्थात लगभग 49 हजार 493 स्थानों पर शाखा और मिलन के माध्यम से समाज में संघ कार्य चल रहा है ।

संघ के पदाधिकारी ने बताया कि संघ ग्राम विकास, कुटुम्ब प्रबोधन और सामाजिक समरसता जैसी गतिविधियां संचालित कर रहा है। संघ कार्यकर्ताओं के प्रयासों से लगभग 450 गांवों में उल्लेखनीय बदलाव आया है। संघ मानता है कि परिवार समृद्ध और सुदृढ़ होंगे तो राष्ट्र भी समर्थ बनेगा। इस विचार को लेकर संघ के कार्यकर्ताओं ने 15 वर्ष पूर्व कर्नाटक में कुटुम्ब प्रबोधन का प्रयोग प्रारंभ किया। आज यह प्रयोग पूरे देश में चलाया जा रहा है और इसके सकारात्मक परिणाम प्राप्त हो रहे हैं। उनका कहना है कि कुटुम्ब प्रबोधन का महत्व समझाने के लिए सबको डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की एक पुस्तक पढ़नी चाहिए, जो कुटुम्ब प्रबोधन के विषय पर उनके और जैन संत आचार्य महाप्रज्ञ के साथ संवाद पर आधारित है। इस पुस्तक में पारिवारिक मूल्यों और राष्ट्र निर्माण पर अच्छा मार्गदर्शन है।

उल्लेखनीय है कि भोपाल में अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की बैठक में संघ की शाखाओं के विस्तार के संबंध में 3 वर्ष की कार्ययोजना का खाका तैयार किया गया। इस बैठक में सरसंघचालक डॉक्टर मोहन भागवत और सरकार्यवाह सुरेश भयाजी जोशी समेत वरिष्ठ प्रचारकों ने हिस्सा लिया। देशभर के 350 संघ के कार्यकर्ता और 11 क्षेत्रों एवं 42 प्रांतों के पदाधिकारी शामिल इस बैठक में शामिल हुए।

Latest India News

India TV पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज़ Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi के लिए क्लिक करें भारत सेक्‍शन

Advertisement
Advertisement
Advertisement