Friday, April 26, 2024
Advertisement

कांग्रेस ने पीएम मोदी को बताया 'आज के औरंगजेब', कहा- दूसरे तानाशाहों जैसा ही हश्र होगा

दिल्ली सल्तनत के औरंगजेब से भी क्रूर शासक मोदी ने देश को लोकतंत्र का पाठ पढ़ाया है।

IndiaTV Hindi Desk Edited by: IndiaTV Hindi Desk
Updated on: June 26, 2018 15:53 IST
कांग्रेस के मुख्य...- India TV Hindi
Image Source : PTI कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला। 

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से आपातकाल को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधे जाने के बाद कांग्रेस ने मंगलवार को पलटवार किया और आरोप लगाया कि 'आज के औरंगजेब' मोदी ने लोकतंत्र को बंधक बना लिया है। पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने यह भी दावा किया कि प्रधानमंत्री मोदी का वही 'हश्र होगा जो दूसरे तानाशाहों का हुआ है।'' सुरजेवाला ने कहा, '' दिल्ली सल्तनत के औरंगजेब से भी क्रूर शासक मोदी ने देश को लोकतंत्र का पाठ पढ़ाया है। औरंगजेब ने तो पिता को बंधक बनाया था। आज के औरंगजेब मोदी ने तो पूरे लोकतंत्र को ही बंधक बना लिया है।'' उन्होंने कहा, ''जनसंघ और जनता पार्टी की विचारधारा राजा महाराजा, जमींदारों और मुट्ठी भर लोगों को फायदा पहुंचाने की थी और आज की मोदी सरकार की विचारधारा भी वही है।'' उन्होंने सवाल किया, '' क्या आपातकाल की दुहाई देकर अच्छे दिन आ जाएंगे? विरोधियों की आलोचना करने से दलितों पर अत्याचार बंद हो जाएंगे ? क्या कांग्रेस के खिलाफ दुष्प्रचार से महिलाओं के खिलाफ अपराध बंद हो जाएंगे?'' 

उन्होंने आगे पूछा, ''क्या 49 महीनों के औरंगजेब के शासन में सवाल पूछने पर देशद्रोही नहीं करार दिया जाता है ? क्या दलितों की हत्या नहीं की जा रही है? क्या महिलाओं पर अत्याचार नहीं हो रहा है? क्या धर्म, जाति, खानपान और वेशभूषा के आधार पर लोगों को पीट पीटकर मार नहीं दिया जा रहा ? '' सुरजेवाला ने कहा, "सच्चाई यह है कि मोदी जी अपनी नाकामियां छिपाने के लिए इतिहास से प्रतिशोध ले रहे हैं। अब वह खुद इतिहास बनने वाले हैं।" उन्होंने कहा, '' देश में 49 महीने से अघोषित आपातकाल है। मोदी को आपातकाल की दुहाई देने के आधार पर वोट नहीं मिला था, बल्कि अच्छे दिन के वादे के आधार पर मिला था। इसलिए भटकाइये मत, अपने काम का हिसाब दीजिये।'' 

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश में 43 साल पहले आपातकाल लागू किए जाने को लेकर आज कांग्रेस और गांधी परिवार को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि एक परिवार के ‘‘स्वार्थी निजी हितों के चलते भारत को जेल में तब्दील कर दिया गया था।’’ भाजपा की ओर से, आपातकाल की बरसी पर आयोजित बैठक में मोदी ने कहा सिर्फ आपातकाल लगाने जैसे पाप के लिए कांग्रेस की आलोचना करने की खातिर ही आज ‘काला दिवस’ नहीं मनाया जा रहा है बल्कि इस दिन को मनाने का उद्देश्य संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए जागरूकता फैलाना भी है। 

Latest India News

India TV पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज़ Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi के लिए क्लिक करें भारत सेक्‍शन

Advertisement
Advertisement
Advertisement