Friday, April 26, 2024
Advertisement

पाकिस्तान ने पुंछ, राजौरी में LoC पर भारी गोलाबारी की, भारतीय सेना ने दिया करारा जवाब

जम्मू-कश्मीर के पुंछ और राजौरी जिलों में बृहस्पतिवार को नियंत्रण रेखा के पास छह सेक्टरों में नागरिक बस्तियों और अग्रिम चौकियों पर पाकिस्तान की भारी गोलाबारी में एक महिला की मौत हो गयी और एक जवान घायल हो गया। 

Bhasha Reported by: Bhasha
Published on: February 28, 2019 20:38 IST
File Photo- India TV Hindi
File Photo

जम्मू: जम्मू-कश्मीर के पुंछ और राजौरी जिलों में बृहस्पतिवार को नियंत्रण रेखा के पास छह सेक्टरों में नागरिक बस्तियों और अग्रिम चौकियों पर पाकिस्तान की भारी गोलाबारी में एक महिला की मौत हो गयी और एक जवान घायल हो गया। भारतीय सेना ने पाकिस्तानी गोलाबारी का करारा जवाब दिया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। 

यह लगातार सातवां दिन है जब पाकिस्तान ने नियंत्रण रेखा के पास अग्रिम चौकियों को निशाना बनाकर संघर्ष विराम का उल्लंघन किया है। एक रक्षा प्रवक्ता ने कहा, ‘‘पाकिस्तानी सेना ने बिना किसी उकसावापूर्ण कार्रवाई के जम्मू-कश्मीर के सुंदरबन, मानकोटे, खारी करमारा, डेगवार सेक्टरों में नियंत्रण रेखा पर करीब तीन बजे से गोलाबारी की और छोटे हथियारों से गोलीबारी की तथा संघर्षविराम का उल्लंघन किया। ’’ 

उन्होंने कहा, ‘‘पाकिस्तान सेना ने राजौरी के नौशेरा सेक्टर में नियंत्रण रेखा के पास करीब सवा दो बजे अकारण ही मोर्टार दागने के साथ गोलाबारी कर संघर्ष विराम का उल्लंघन शुरू किया।’’ उन्होंने बताया कि इससे पहले करीब एक बजे कृष्णा घाटी सेक्टर में नियंत्रण रेखा के पास पाकिस्तानी सेना ने गोलाबारी की थी। अधिकारी ने कहा, ‘‘भारतीय सेना ने जोरदार और प्रभावी ढंग से जवाबी कार्रवाई की।’’ 

अधिकारियों ने बताया कि मेंढर के चज्जला क्षेत्र में मोर्टार शेल से गंभीर रूप से घायल होने के बाद एक महिला की मौत हो गयी। गोलाबारी में सेना का एक जवान घायल हो गया और उसका इलाज चल रहा है। प्रवक्ता ने कहा कि पाकिस्तान सेना ने कृष्णा घाटी सेक्टर में नियंत्रण रेखा के पास बृहस्पतिवार को सुबह लगभग छह बजे मोर्टार दागा था और गोलीबारी की थी। 

मौजूदा स्थिति को देखते हुए, अधिकारियों ने राजौरी और पुंछ जिलों में नियंत्रण रेखा के पास 5 किलोमीटर के दायरे में शैक्षणिक संस्थानों को अस्थायी रूप से बंद करने का आदेश दिया है। पाकिस्तान द्वारा की गई गोलाबारी के मद्देनजर सीमा से सटे इलाकों के निवासियों को अपने घरों के अंदर रहने और बाहर नहीं निकलने के लिए कहा गया है। 

Latest India News

India TV पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज़ Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi के लिए क्लिक करें भारत सेक्‍शन

Advertisement
Advertisement
Advertisement