Thursday, April 25, 2024
Advertisement

पाकिस्तानी गोलीबारी में जम्मू कश्मीर के पुंछ में छह लोग घायल

पुंछ के जिला विकास आयुक्त (डीडीसी) राहुल यादव ने पीटीआई-भाषा को बताया, “चार घायलों (तीन महिलाओं और एक लड़के) को अस्पताल पहुंचाया गया है, जबकि अन्य दो को भी वहां (अस्पताल) पहुंचाने की कोशिशें जारी हैं।’’

Bhasha Reported by: Bhasha
Updated on: September 29, 2019 22:31 IST
Ceasefire violation- India TV Hindi
Image Source : TWITTER प्रतिकात्मक तस्वीर

जम्मू। जम्मू कश्मीर के पुंछ जिले में पाकिस्तान द्वारा लगातार दूसरे दिन रविवार को किये गए संघर्ष विराम का उल्लंघन  में 12 वर्षीय एक लड़के सहित छह लोग घायल हो गये। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। पाकिस्तान ने बिना उकसावे के मेंढर सेक्टर में छोटे हथियारों से जबरदस्त गोलीबारी के साथ-साथ मोर्टार से गोले भी दागे।

पुंछ के जिला विकास आयुक्त (डीडीसी) राहुल यादव ने पीटीआई-भाषा को बताया, “चार घायलों (तीन महिलाओं और एक लड़के) को अस्पताल पहुंचाया गया है, जबकि अन्य दो को भी वहां (अस्पताल) पहुंचाने की कोशिशें जारी हैं।’’

एक रक्षा प्रवक्ता ने कहा कि पाकिस्तान ने बिना उकसावे के अपराह्न करीब सवा तीन बजे बालाकोटे सेक्टर में छोटे हथियारों से गोलीबारी की और मोर्टार से गोले भी दागे। उन्होंने बताया कि भारतीय सेना ने इसका मजबूती से जवाब दिया और आखिरी रिपोर्ट मिलने तक दोनों ओर से गोलीबारी जारी है।

यादव ने बताया कि पाकिस्तानी गोलाबारी में गांवों में तीन महिलाओं और एक लड़के को छर्रे लगे हैं। उन्हें एक अस्पताल ले जाया गया और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। उन्होंने बताया कि एक सीमावर्ती गांव में सड़क निर्माण में शामिल श्रमिकों के एक समूह के भी दो लोग घायल हो गये लेकिन पाकिस्तान की ओर से लगातार हो रही गोलीबारी से उन्हें सुरक्षित निकालने में समस्या हो रही है। डीडीसी ने कहा, ‘‘उन्हें यथाशीघ्र अस्पताल पहुंचाने की कोशिशें जारी हैं।’’

रक्षा प्रवक्ता ने कहा, “जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तानी सेना को हुए नुकसान के बारे में फिलहाल जानकारी नहीं मिल पाई है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तानी सैनिकों की तरफ से शनिवार को भी पुंछ जिले के शाहपुर और करणी सेक्टरों में मोर्टार से गोले दागे गए और गोलीबारी की गई। इसके जवाब में भारत ने भी फौरन कड़ी कार्रवाई की। प्रवक्ता ने कहा कि दोनों तरफ से कुछ घंटों तक गोलीबारी होती रही। अधिकारियों के मुताबिक इस साल पाकिस्तान ने नियंत्रण रेखा पर 2000 से ज्यादा बार संघर्ष विराम का उल्लंघन किया जिसमें 21 भारतीयों की मौत हो गई जबकि कई अन्य घायल हो गए। 

Latest India News

India TV पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज़ Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi के लिए क्लिक करें भारत सेक्‍शन

Advertisement
Advertisement
Advertisement