Friday, April 19, 2024
Advertisement

मानसरोवर यात्रा के लिए अब तक नहीं मिला राहुल गांधी का आवेदन, कर्नाटक चुनाव से पहले किया था ऐलान

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता से पूछा गया था कि राहुल गांधी मानसरोवर की यात्रा पर जाना चाहते हैं लेकिन कांग्रेस पार्टी का कहना है कि विदेश मंत्रालय इसमें रोड़े अटका रही है...

IndiaTV Hindi Desk Edited by: IndiaTV Hindi Desk
Updated on: June 28, 2018 19:24 IST
rahul gandhi- India TV Hindi
rahul gandhi

नई दिल्ली: कांग्रेस अध्यक्ष की कैलाश मानसरोवर यात्रा के संबंध में उनकी पार्टी के आरोपों के बीच विदेश मंत्रालय ने आज स्पष्ट किया कि राहुल गांधी की ओर से मानसरोवर यात्रा को लेकर अभी तक कोई औपचारिक आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘हमारी ऐसी कोई इच्छा नहीं है कि किसी के मानसरोवर यात्रा के मार्ग में अवरोध डाला जाए। अभी तक पीपुल्स रिपब्लिक आफ चाइना के तहत तिब्बत स्वायत्त क्षेत्र में मानसरोवर यात्रा को लेकर राहुल गांधी का कोई औपचारिक आग्रह नहीं प्राप्त हुआ है।’’

उन्होंने कहा कि मानसरोवर की यात्रा दो तरीके से हो सकती है। इसमें पहला विदेश मंत्रालय आयोजित करता है। इसके लिए पंजीकरण कराना होता है। एक लॉटरी प्रणाली होती है और पारदर्शी ढंग से नाम चुना जाता है। कुमार ने कहा कि उनकी ओर से (राहुल गांधी) ऐसा कोई पंजीकरण नहीं हुआ है।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि दूसरा तरीका निजी ऑपरेटर के माध्यम से यात्रा पर जाने का है। यह नेपाल के रास्ते होता है और इसके लिये चीन से वीजा की जरूरत होती है। यह स्वयं के स्तर पर होता है। उन्होंने कहा कि अभी हमारे पर उनकी (राहुल गांधी) ओर से कोई संवाद नहीं आया है, हमारे पास कोई संवाद आयेगा तब निश्चित रूप से विचार करेंगे।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता से पूछा गया था कि राहुल गांधी मानसरोवर की यात्रा पर जाना चाहते हैं लेकिन कांग्रेस पार्टी का कहना है कि विदेश मंत्रालय इसमें रोड़े अटका रही है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा था कि वह कर्नाटक चुनावों के बाद मानसरोवर यात्रा पर जाएंगे।

Latest India News

India TV पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज़ Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi के लिए क्लिक करें भारत सेक्‍शन

Advertisement
Advertisement
Advertisement