Friday, March 29, 2024
Advertisement

देशभर में मनाई गई राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150वीं जयंती, अलग-अलग तरीकों से बापू को किया गया याद

अहमदाबाद के साबरमती आश्रम सहित कई स्थानों पर प्रार्थना सभाओं का आयोजन किया गया। गांधी का घर कहे जाने वाले साबरमती आश्रम स्थित हृदय कुंज में आयोजित सर्वधर्म प्रार्थना सभा में बड़ी संख्या में प्राथमिक विद्यालयों के बच्चे शामिल हुए।

Bhasha Reported by: Bhasha
Updated on: October 02, 2019 19:24 IST
Gandhi JI- India TV Hindi
Image Source : PTI Students offer tribute to Mahatma Gandhi on his 150th birth anniversary, in Surat.

नई दिल्लीराष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150वीं जयंती पर देश भर में उन्हें याद किया गया। विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों और अन्य नेताओं उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने बुधवार को महात्मा गांधी को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की।

केजरीवाल और सिसोदिया महात्मा गांधी की 150 वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि देने राजघाट गए। गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपानी पोरबंदर के कीर्ति मंदिर में एक प्रार्थना सभा में शामिल हुए। इसी के निकट आज के दिन 1869 में महात्मा गांधी का जन्म हुआ था। मुख्यमंत्री ने आज के दौर में महात्मा गांधी की प्रासंगिकता रेखांकित की। रूपानी पोरबंदर में एक स्वच्छता अभियान में भी शामिल होंगे।

Delhi Chief Minister Arvind Kejriwal

Image Source : PTI
Delhi Chief Minister Arvind Kejriwal pays tribute to Mahatma Gandhi on the occasion of his 150th birth anniversary, in New Delhi.

अहमदाबाद के साबरमती आश्रम सहित कई स्थानों पर प्रार्थना सभाओं का आयोजन किया गया। गांधी का घर कहे जाने वाले साबरमती आश्रम स्थित हृदय कुंज में आयोजित सर्वधर्म प्रार्थना सभा में बड़ी संख्या में प्राथमिक विद्यालयों के बच्चे शामिल हुए। इस अवसर पर आश्रम ट्रस्ट के सदस्य, विख्यात गांधीवादी और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा, ‘‘बापू के सिद्धांत और आदर्श आज भी हमारे लिए प्रेरणा स्रोत हैं।’’ गांधी की जयंती पर उत्तर प्रदेश विधानसभा का 36 घंटे का विशेष सत्र आयोजित किया जा रहा है। यह सत्र सुबह 11 बजे शुरू हुआ और गुरुवार रात तक बिना रुके चलेगा।

गांधी जयंती के अवसर पर कांग्रेस ने लखनऊ में 'मौन यात्रा' का आयोजन किया। इसमें पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी की शामिल हुईं। प्रियंका ने कहा कि भाजपा को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के मार्ग पर चलना चाहिए और बाद में उनके बारे में बात करना चाहिए। प्रियंका ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ करीब तीन किलोमीटर लंबी पैदल यात्रा की।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ के नेतृत्व में बुधवार को भोपाल में पदयात्रा निकाली गई। कमलनाथ ने कहा कि कांग्रेस को गर्व है कि उसका नेतृत्व महात्मा गांधी जैसे महानतम व्यक्ति ने किया है। करीब एक किलोमीटर तक चली इस पदयात्रा में महात्मा गांधी की नित्य प्रार्थना में शामिल लोकप्रिय भजन ‘वैष्णव जन तो तेने कहिये’ गाया गया। पदयात्रा के बाद कमलनाथ ने मिन्टो हॉल परिसर स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने गुरुग्राम में स्वच्छता अभियान में हिस्सा लिया और लोगों से देश को स्वच्छ बनाने की शपथ लेने का आह्वान किया। खट्टर ने कहा, ‘‘आइए उनके पदचिह्नों पर चलने की शपथ लें। गांधी जी के स्वप्न को साकार करने के लिए हम सभी देशवासियों को यह संकल्प लेना होगा कि हमें अपने देश को भी ऐसे ही स्वच्छ रखना है, जैसे हम अपने घर को रखते हैं।’’

ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि गांधीवादी मूल्य सदैव प्रासंगिक रहेंगे। उन्होंने लोगों से गरीबी, हिंसा, अन्याय और असमानता को खत्म करने की दिशा में काम करने की अपील की। पश्चिम बंगाल में सभी राजनीतिक दलों ने गांधी जयंती के कार्यक्रम आयोजित किए। इसके अलावा विभिन्न संगठनों ने भी बापू को याद किया।

बैरकपुर स्थित गांधी घाट में एक कार्यक्रम का आयोजन हुआ। महात्मा को श्रद्धांजलि देते हुए राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कोलकाता के ऐतिहासिक गांधी भवन का पुनरोद्धार के बाद उद्घाटन किया। उन्होंने कहा, ‘‘बंगाल सरकार ने गांधी की 150वीं जयंती मनाने के लिए कई पहल की हैं, जिनमें पूर्वी मेदिनीपुर जिले में महात्मा गांधी को समर्पित एक विश्वविद्यालय की स्थापना शामिल है।’’

केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने दिल्ली के केरल हाउस में राष्ट्रपिता को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि महात्मा गांधी ने जिस भारत के लिए संघर्ष किया वहा समावेशी था, जहां किसी को भी अछूत नहीं माना जाए। उन्होंने कहा कि महात्मा ने हमें अपने गणतंत्र के धर्मनिरपेक्ष मूल्यों को बनाए रखने का एक नैतिक दायित्व सौंपा है। केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने राज्य विधानसभा परिसर में गांधी स्मारक में उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा, ‘‘उनका अहिंसा का संदेश हमें लगातार राह दिखाता है।’’ केरल कांग्रेस समिति ने भी राज्य भर में कार्यक्रम आयोजित किए हैं।

Latest India News

India TV पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज़ Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi के लिए क्लिक करें भारत सेक्‍शन

Advertisement
Advertisement
Advertisement