Friday, April 19, 2024
Advertisement

मध्य प्रदेश: शाजापुर में गणतंत्र दिवस पर तिरंगा यात्रा के बीच फहराया पाकिस्तानी झंडा, मचा बवाल

एक विशेष समुदाय के लोगों के बाइक रैली के दौरान सबके हाथों में तिरंगा था लेकिन लाल रंग की बाइक पर सफेद कपड़ों में बैठा एक शख्स अपने हाथ में तिरंगा ना लहराकर पाकिस्तान का झंडा लहरा रहा था। जिसने भी ये तस्वीरें देखी वो हैरान रह गया।

IndiaTV Hindi Desk Written by: IndiaTV Hindi Desk
Updated on: January 27, 2018 14:59 IST
Madhya-Pradesh-Youths-take-out-bike-rally-on-Republic-Day-furled-Pakistani-flag-with-tricolor- India TV Hindi
जब मध्य प्रदेश में तिरंगा यात्रा के बीच में आया पाकिस्तानी झंडा, सभी रह गए हैरान

नई दिल्ली: छब्बीस जनवरी को जहां देशभर में लोग देशभक्ति में लबरेज होकर गणतंत्र दिवस मना रहे थे वहीं मध्य प्रदेश में कुछ लोग देशभक्ति के बीच देशविरोधी कामों में मशगूल दिखे। यहां बाइक सवारों की एक रैली निकली जिसमें सबके हाथों में तिरंगा था लेकिन इस रैली में एक शख्स पाकिस्तान का झंडा लहराते दिखा। सवाल ये है कि आखिर हिंदुस्तान की सरजंमी पर दुश्मन देश का झंडा क्यों? दुश्मन देश से यारी और वतन के साथ गद्दारी की ये तस्वीरें आई हैं मध्य प्रदेश से शाजापुर से।

यहां शुजालपुर इलाके में एक विशेष समुदाय के लोगों ने बाइक रैली निकाली। सबके हाथों में तिरंगा था लेकिन इस रैली में गद्दारी की एक तस्वीर दिखी। लाल रंग की बाइक पर सफेद कपड़ों में बैठा एक शख्स अपने हाथ में तिरंगा ना लहराकर पाकिस्तान का झंडा लहरा रहा था। जिसने भी ये तस्वीरें देखी वो हैरान रह गया।

वतन के साथ गद्दारी की इन तस्वीरों के बीते एक घंटा भी नहीं हो पाया था कि हिंदू संगठनों और भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओ ने विरोध प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। पुलिस चौकी के सामने कार्यकर्ताओं का विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया और थाने का घेराव करके पाकिस्तानी झंडा लहराने वालों के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून यानि रासुका लगाने की मांग की। आरोप ये भी है कि इन लोगों ने बाइक रैली बिना अनुमति के निकाली थी।

थाने के बाहर दोनों तरफ के लोगों के बीच टकराव की स्थिति बन गई थी। पुलिस को बीच बचाव करना पड़ा। बाद में पुलिस ने पाकिस्तान का झंडा लहराने वाले तीन संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया और उनसे पूछताछ की जा रही है और उनके बैकग्राउंड के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

इन तस्वीरों के सामने आने के बाद कई सवाल उठ रहे हैं। छब्बीस जनवरी यानी गणतंत्र दिवस के दिन तिरंगा यात्रा में पाकिस्तानी झंडा क्यों लहराया गया? क्यों देश के साथ गद्दारी की गई? सब लोगों के हाथों में जब तिरंगा था तो एक शख्स ने क्यों पाकिस्तान का झंडा उठाया हुआ था? फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Latest India News

India TV पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज़ Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi के लिए क्लिक करें भारत सेक्‍शन

Advertisement
Advertisement
Advertisement