Friday, April 19, 2024
Advertisement

मानसून ने पकड़ी रफ्तार, तेज बारिश से गई 21 लोगों की जान

मौसम विभाग ने सोमवार को कहा है कि 48 घंटे के भीतर मानसून पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में दस्तक दे देगा। विभाग ने महीने के आखिर तक मानसून के दिल्ली समेत समूचे उत्तर भारत में छा जाने की संभावना व्यक्त की है।

IndiaTV Hindi Desk Written by: IndiaTV Hindi Desk
Updated on: June 26, 2018 13:19 IST
मानसून ने पकड़ी रफ्तार, तेज बारिश से गई 21 लोगों की जान- India TV Hindi
Image Source : PTI मानसून ने पकड़ी रफ्तार, तेज बारिश से गई 21 लोगों की जान

नई दिल्ली: चिलचिलाती धूप और गर्मी के बाद देश के कई राज्यों में मानसून की बारिश शुरू हो चुकी है। मुंबई और गुजरात समेत कई राज्यों में पिछले 48 घंटे में जोरदार बारिश हुई। जहां मानसून खूशी लेकर आया है वहीं कई जगहों पर बारिश मुसिबत भी लेकर आई है। जगह-जगह पानी भरने से भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है तो वहीं देश के अलग अलग हिस्सों में भारी बारिश से हुए हादसों में 20 से ज्यादा लोगों की जान चली गई। महाराष्ट्र और गुजरात के अलावा मध्य प्रदेश, झारखंड, बिहार और पश्चिम बंगाल के कई इलाकों में आफत की बारिश हो रही है।

मौसम विभाग ने सोमवार को कहा है कि 48 घंटे के भीतर मानसून पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में दस्तक दे देगा। विभाग ने महीने के आखिर तक मानसून के दिल्ली समेत समूचे उत्तर भारत में छा जाने की संभावना व्यक्त की है। मौसम विभाग के अनुसार मानसून ओडिशा के कई हिस्सों में पहुंच गया है। पश्चिम बंगाल के ज्यादातर हिस्सों, बिहार और झारखंड के कुछ हिस्सों सुपौल और जमशेदपुर में बारिश दर्ज की गई है। विभाग ने कहा कि 48 घंटों के भीतर मानसून के और प्रगति करने की उम्मीद है। स्थितियां इसके अनुकूल बनी हुई है।

बारिश से लोगों को गर्मी से राहत तो मिली है लेकिन कई परिवार ऐसे हैं जिनके लिए मानसून की ये बारिश मातम लेकर आई है। पिछले 48 घंटे में देश के पांच राज्यों में अलग-अलग हादसों में बीस से ज्यादा लोगों की जान चली गई है। मुंबई में 4 लोगों की, पश्चिम बंगाल में 6 लोगों की, बिहार में 5,

गुजरात में 3 और झारखंड में 3 लोगों की मौत हो गई। शनिवार आधी रात से मुबंई में हुई मूसलाधार बारिश में आधी से ज्यादा मुंबई डूब गई।

सांताक्रूज, कोलाबा, बोरीवली, कांदिवली और मुलुंड से लेकर अंधेरी तक का हर एक इलाका डूबा हुआ था। सबसे भयानक मंजर एंटॉप हिल में था जहां लैंडस्लाइड जैसे हालात हो गए। यहां पूरी की पूरी सड़क धंस गई और सड़क के साथ उसमें भारी भरकम कारें भी दब गईं। राहत की बात ये रही कि नुकसान सिर्फ कारों को ही हुआ लेकिन मुंबई के पास ठाणे में 13 साल का एक बच्चा उतना खुशनसीब नहीं रहा। दीवार गिरने से उसकी जान चली गई जबकि उसके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। साउथ मुंबई में भी जानलेवा हादसा हुआ। भारी बारिश की वजह से मेट्रो सिनेमा के पास दो लोगों पर पेड़ गिर गया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

गुजरात के भरूच में भी भारी बारिश के बाद सड़क पर इतना पानी आ गया कि एक बस पानी में डूब गई। बस में 21 यात्री सवार थे जिन्हें पुलिस के साथ साथ आम लोगों की मदद से रेस्क्यू किया गया। सिर्फ भरूच ही नहीं, गुजरात के कई दूसरे इलाकों में भी बारिश ने तबाही मचाई। साउथ गुजरात और सौराष्ट्र समेत राज्य के कुल 23 जिलों में पिछले 48 घंटे से रूक रूक कर बारिश हो रही है। बारिश की वजह से अलग अलग हादसों में कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई और चिंता की बात ये है कि मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे के लिए भी भारी बारिश की संभावना जताई है।
 
बिहार में भी बारिश ने कई परिवारों को उजाड़ दिया। बिहार के कटिहार में रविवार को आसमानी बिजली ने तीन लोगों की जान ले ली। हादसा उस वक्त हुआ जब ये लोग खेत में काम कर रहे थे। वहीं बिहार के गया में भी सोमवार को आसामानी बिजली गिरने से 13 साल की रेखा और 8 साल के अंजनी की जान चली गई। इस हादसे में पांच औऱ लोग घायल भी हुए।
 
पश्चिम बंगाल के कई इलाकों में बारिश आफत बनकर आई। सोमवार को आसमानी बिजली गिरने से पांच लोगों की मौत हो गई जबकि भारी बारिश के बाद नदी के तेज बहाव में एक युवक की डूबने से मौत हो गई। झारखंड के भी कई इलाकों में भी मानसून ने सोमवार को दस्तक दी लेकिन मानसून की पहली बारिश में ही तीन परिवारों में मातम छा गया। गुमला, लातेहार और लोहरदगा में बिजली गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली समेत समूचे उत्तर भारत में मंगलवार से मानसून पूर्व बारिश का दौर शुरू हो सकता है। 29 जून से एक जुलाई के बीच मानसून उत्तर भारत के ज्यादातर हिस्सों में छा जाएगा।

Latest India News

India TV पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज़ Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi के लिए क्लिक करें भारत सेक्‍शन

Advertisement
Advertisement
Advertisement