Friday, April 26, 2024
Advertisement

पंजाब के पूर्व CM बेअंत सिंह हत्याकांड में जगतार सिंह तारा को उम्रकैद की सजा

पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह की हत्या के सिलसिले में एक विशेष अदालत ने जगतार सिंह तारा को आज आजीवन कारावास की सजा सुनाई।

IndiaTV Hindi Desk Edited by: IndiaTV Hindi Desk
Published on: March 17, 2018 18:44 IST
EX Punjab CM Beant Singh - India TV Hindi
EX Punjab CM Beant Singh

चंडीगढ़: पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह की हत्या के सिलसिले में एक विशेष अदालत ने जगतार सिंह तारा को आज आजीवन कारावास की सजा सुनाई। तारा के वकील सिमरनजीत सिंह ने बताया कि अतिरिक्त जिला और सत्र न्यायाधीश जे एस संधू ने यहां के उच्च सुरक्षा वाले बुड़ैल जेल में सजा का ऐलान किया, जहां तारा वर्तमान में कैद है। 

उन्होंने कहा कि अदालत ने तारा पर 35 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया। वकील ने कहा कि उनका मुवक्किल फैसले को ऊपरी अदालतों में चुनौती नहीं देगा। तारा पर हत्या, हत्या के प्रयास, आपराधिक षड्यंत्र और विस्फोटक अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। उसने 1995 में बेअंत सिंह की हत्या में संलिप्तता की बात स्वीकार की थी। उसने स्वीकारोक्ति से संबंधित पत्र इस वर्ष जनवरी में अदालत को सौंपी थी। 

चंडीगढ़ में सिविल सचिवालय के बाहर 31 अगस्त 1995 को एक विस्फोट में तत्कालीन मुख्यमंत्री बेअंत सिंह मारे गए थे। इस घटना में 16 अन्य लोगों की भी मौत हुई थी। पंजाब पुलिस के कर्मचारी दिलावर सिंह ने इस घटना में मानव बम की भूमिका निभाई थी। तारा को सितम्बर 1995 में दिल्ली से गिरफ्तार किया गया था। बहरहाल, वह और दो अन्य आरोपी मामले की सुनवाई के दौरान 2004 में बुड़ैल जेल से फरार हो गए। बाद में उसे 2015 में थाईलैंड से गिरफ्तार किया गया। 

Latest India News

India TV पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज़ Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi के लिए क्लिक करें भारत सेक्‍शन

Advertisement
Advertisement
Advertisement