Friday, April 19, 2024
Advertisement

ईरान ने रिहा किए 15 भारतीय मछुआरे, 27 जुलाई से जेल में थे कैद

ईरानी अधिकारियों ने पांच महीने पहले उनके देश में अवैध तरीके से प्रवेश करने वाले उत्तर कन्नड़ जिले के 15 मछुआरों को रिहा कर दिया है।

Bhasha Written by: Bhasha
Published on: January 09, 2019 12:50 IST
ईरानी अधिकारियों ने...- India TV Hindi
Image Source : PTI ईरानी अधिकारियों ने पांच महीने पहले उनके देश में अवैध तरीके से प्रवेश करने वाले उत्तर कन्नड़ जिले के 15 मछुआरों को रिहा कर दिया है। (प्रतीकात्मक तस्वीर)

बेंगलुरु: ईरानी अधिकारियों ने पांच महीने पहले उनके देश में अवैध तरीके से प्रवेश करने वाले उत्तर कन्नड़ जिले के 15 मछुआरों को रिहा कर दिया है। उत्तर कन्नड़ जिले के उपायुक्त एस एस नकुल ने फोन पर बताया कि ‘‘हमें खुशी है कि उत्तर कन्नड़ जिले के 15 मछुआरों को मंगलवार को रिहा कर दिया गया। कर्नाटक के मुख्यमंत्री और जिला प्रशासन ने केंद्र सरकार को पत्र लिखा था। इसके बाद काफी प्रयास किए गए।’’

नकुल ने बताया कि सभी मछुआरे अपनी नौकाओं में संयुक्त अरब अमीरात के रास्ते भारत लौटेंगे। शुरूआत में नौका मालिकों ने मछुआरों की रिहाई के लिए प्रयास किए लेकिन भारतीय विदेश मंत्रालय के हस्तक्षेप के बाद ही ईरान सरकार उन्हें रिहा करने पर सहमत हुई। उन्होंने बताया कि मछुआरों के ईरान के किश द्वीप में अवैध तरीके से प्रवेश करने के बाद ईरानी सरकार ने 27 जुलाई से उन्हें हिरासत में रखा था।

उन्होंने बताया कि वे संयुक्त अरब अमीरात के एक व्यापारी के स्वामित्व वाली तीन नौकाओं पर काम कर रहे थे। नकुल ने बताया कि दुबई से तीन अन्य मछुआरों के साथ पंद्रह भारतीय मछुआरों को हिरासत में लिए जाने के बाद उन्होंने करवर जिला प्रशासन को व्हाट्सएप के जरिए एक वीडियो भेजा था। उन्होंने बताया कि इसके बाद जिला प्रशासन ने विदेश मंत्रालय को एक पत्र लिखा और सुषमा स्वराज से मुद्दा उठाने की अपील की थी।

Latest India News

India TV पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज़ Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi के लिए क्लिक करें भारत सेक्‍शन

Advertisement
Advertisement
Advertisement