Friday, March 29, 2024
Advertisement

भारी बरसात के चलते बेहाल हुई मुंबई, ट्रेनें-फ्लाइट्स लेट, 3 लोगों की मौत

लगातार हो रही बारिश के कारण मुंबई में हालात बहुत बिगड़ गए हैं और जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। सोमवार को जारी भारी बारिश के चलते शहर के कई इलाकों में पानी भर गया है...

India TV News Desk Edited by: India TV News Desk
Updated on: June 25, 2018 17:02 IST
Incessant rain throws life out of gear in Mumbai- India TV Hindi
Incessant rain throws life out of gear in Mumbai | PTI

मुंबई: लगातार हो रही बारिश के कारण मुंबई में हालात बहुत बिगड़ गए हैं और जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। सोमवार को जारी भारी बारिश के चलते शहर के कई इलाकों में पानी भर गया है। भारी बारिश के कारण लोकल ट्रेनों की आवाजाही पर बुरा असर पड़ा है और कई ट्रेनें देरी से चल रही हैं। लंबी दूरी की ट्रेनों पर भी बारिश ने बुरा असर डाला है और वे लेट चल रही हैं। वहीं, मुंबई एयरपोर्ट पर विमान सेवाओं पर भी बुरा असर पड़ा है और रविवार दोपहर से लगातार हो रही बारिश से मेन रनवे से फ्लाइट ऑपरेशंस को रोकना पड़ा। इसके चलते तकरीबन आधे घंटे तक विमानों की आवाजाही प्रभावित हुई।

देखें: भारी बारिश के चलते बेहाल हुई मुंबई की हालत बयां करतीं चंद तस्वीरें

बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) की आपदा प्रबंधन इकाई के एक अधिकारी ने बताया कि लगातार हो रही तेज बारिश की वजह से रविवार शाम दक्षिण मुंबई में मेट्रो सिनेमा के नजदीक दो लोगों पर पेड़ गिर जाने से उनकी मौत हो गई। ठाणे जिले के नगरीय निकाय के क्षेत्रीय आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रमुख संतोष कदम ने बताया कि अंबरनाथ तालुका के वाडोल गांव में देर रात सवा दो बजे एक घर के करीब की दीवार ढह जाने से 13 वर्षीय एक लड़के की मौत हो गई और उसके माता-पिता घायल हो गए। रविवार सुबह हुई एक अन्य घटना में ठाणे के एक आवासीय परिसर में अहाते की 65 फीट की दीवार के ढह जाने से उसके नीचे 2 कारें और अन्य वाहन दब गए। 

वहीं, ट्रैफिक व्यवस्था का भी बुरा हाल है और शहर में जगह-जगह जाम लग गया है। मुंबई में बीती रात काफी बारिश होने के कारण अंधेरी, बांद्रा, सायन, हिंदमाता, दादर सहित कई इलाकों में पानी भरने के कारण ट्रैफिक लगभग रुक गया है। गौरतलब है कि मुंबई में इस साल दक्षिण-पश्चिम मॉनसून तय समय से एक दिन पहले ही पहुंच गया। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में मानसून आमतौर पर 10 जून तक पहुंचता है, लेकिन यह इस बार 9 जून को ही पहुंच गया। आपको बता दें कि मानसून के दौरान मुंबई अक्सर जलभराव की समस्या से जूझती है और जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

Latest India News

India TV पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज़ Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi के लिए क्लिक करें भारत सेक्‍शन

Advertisement
Advertisement
Advertisement