Saturday, April 20, 2024
Advertisement

महाराष्ट्र: अमित शाह ने शिवसेना को दिखाई ‘आंख’, बोले- साथ नहीं आए तो “पटक देंगे”

भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने शिवसेना को परोक्ष रूप से चेतावनी देते हुए कहा कि अगर पूर्व सहयोगी दल हमारे साथ आते हैं तो हम उनकी जीत सुनिश्चित करेंगे, अन्यथा हम उन्हें ‘‘पटक देंगे’’।

Bhasha Written by: Bhasha
Published on: January 07, 2019 7:30 IST
भाजपा अध्यक्ष अमित...- India TV Hindi
Image Source : TWITTER भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने शिवसेना को परोक्ष रूप से चेतावनी देते हुए कहा कि अगर पूर्व सहयोगी दल हमारे साथ आते हैं तो हम उनकी जीत सुनिश्चित करेंगे, अन्यथा हम उन्हें ‘‘पटक देंगे’’।

मुंबई: भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने शिवसेना को परोक्ष रूप से चेतावनी देते हुए कहा कि अगर गठबंधन होता है तो पार्टी अपने सहयोगी दलों की जीत सुनिश्चित करेगी और यदि ऐसा नहीं होता है तो पार्टी आगामी लोकसभा चुनावों में अपने पूर्व सहयोगियों को करारी शिकस्त देगी। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस द्वारा भाजपा कार्यकर्ताओं को राज्य की 48 लोकसभा सीटों में 40 पर जीत हासिल करने का लक्ष्य दिए जाने के फौरन बाद शाह ने ये टिप्पणी की।

इन बयानों पर प्रतिक्रिया जाहिर करते हुए शिवसेना ने कहा कि उसे जो भी चुनौती देगा, उसका सामना करने को वह तैयार है। शिवसेना ने भाजपा पर पलटवार करते हुए कहा कि उसकी (भाजपा की) योजना 40 सीट जीतने की है। इसका मतलब है कि वह ईवीएम में छेड़छाड़ करने पर निर्भर है। शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे के एक सहयोगी ने कहा, ‘‘जो हम पर हमला कर रहे हैं, हम निश्चित तौर पर उन्हें हराएंगे।’’

इससे पहले, शाह और फडणवीस ने रविवार को कई जिलों के पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को गठबंधन की संभावना के भ्रम से दूर रहना चाहिए। यदि सहयोगी दल हमारे साथ आते हैं तो हम उनकी जीत सुनिश्चित करेंगे, अन्यथा हम उन्हें ‘‘पटक देंगे’’। पार्टी कार्यकर्ताओं को हर बूथ पर तैयारी करना चाहिए। उन्होंने इन चुनावों की तुलना पानीपत की तीसरी लड़ाई से की। गौरतलब है कि पानीपत की तीसरी लड़ाई में मराठा सेना को अफगान शासक अहमद शाह अब्दाली की सेना ने हराया था।

भाजपा प्रमुख ने कहा कि उस लड़ाई के बाद देश 200 साल तक गुलाम रहा था। उन्होंने कहा, ‘‘यदि हम यह चुनाव जीतते हैं तो हमारी विचारधारा अगले 50 साल तक शासन करेगी।’’ शाह ने फडणवीस के विचारों से सहमति जताते हुए कहा, ‘‘हमें (महाराष्ट्र में) 48 में कम से कम 40 सीटों पर जीत का लक्ष्य रखना चाहिए।’’

Latest India News

India TV पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज़ Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi के लिए क्लिक करें भारत सेक्‍शन

Advertisement
Advertisement
Advertisement