Friday, April 26, 2024
Advertisement

राजौरी: नियंत्रण रेखा से सटे इलाकों में पाकिस्तान की भारी गोलाबारी, महिला घायल

पाकिस्तान ने जम्मू कश्मीर के राजौरी और पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा के पास के इलाकों में शुक्रवार को भारी गोलाबारी की, जिसमें एक महिला घायल हो गयी।

Bhasha Reported by: Bhasha
Published on: March 01, 2019 19:56 IST
Representational Image- India TV Hindi
Representational Image

जम्मू: पाकिस्तान ने जम्मू-कश्मीर के राजौरी और पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा के पास के इलाकों में शुक्रवार को भारी गोलाबारी की, जिसमें एक महिला घायल हो गयी। यह लगातार आठवां दिन है जब पाकिस्तान ने संघर्ष विराम का उल्लंघन किया है। अधिकारियों ने बताया कि पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने पुंछ में असैन्य इलाकों को निशाना बनाने के लिये होवित्जर 105 एमएम तोप समेत बड़े हथियारों का इस्तेमाल किया। एक अधिकारी ने बताया, ‘‘पाकिस्तानी सैनिकों ने पुंछ जिले के कृष्णा घाटी सेक्टर में नियंत्रण रेखा पर गोलीबारी की और मोर्टार दागे जो दिन में करीब डेढ़ बजे तक चला।’’ अधिकारियों ने बताया कि पुंछ के मनकोट इलाके में गोलीबारी में नसीम अख्तर नामक महिला घायल हो गयीं। 

रक्षा जनसंपर्क अधिकारी ने बताया, ‘‘शुक्रवार शाम करीब सवा चार बजे पाकिस्तान ने नौशेरा सेक्टर में नियंत्रण रेखा के पास बिना किसी उकसावे के छोटे हथियारों से गोलीबारी की और मोर्टार से गोले दागने शुरू कर दिये।’’ बृहस्पतिवार को जम्मू कश्मीर के पुंछ और राजौरी जिलों में नियंत्रण रेखा के पास छह सेक्टरों में असैन्य इलाकों और अग्रिम चौकियों को निशाना बनाकर की गई पाकिस्तानी सेना की गोलाबारी में एक महिला मारी गयी और एक जवान घायल हो गया। भारतीय सेना ने पाकिस्तान के इस हमले का मुंहतोड़ जवाब दिया। 

पाकिस्तानी सेना ने पिछले एक सप्ताह में 60 से ज्यादा बार संघर्ष विराम का उल्लंघन किया। पाकिस्तानी सेना ने जम्मू कश्मीर में पुंछ, राजौरी, जम्मू और बारामूला जिलों में 70 असैन्य और सीमावर्ती इलाकों को निशाना बनाया जिसमें एक महिला की मौत हो गई और नौ लोग घायल हो गए। मौजूदा स्थिति के मद्देनजर अधिकारियों ने राजौरी और पुंछ जिलों में नियंत्रण रेखा पर पांच किलोमीटर के दायरे में शैक्षिक संस्थानों को अस्थायी तौर पर बंद करने का आदेश दिया है। उन्होंने सीमा पर रहने वाले सभी निवासियों से अपने घरों के भीतर रहने के लिए कहा है। 

Latest India News

India TV पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज़ Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi के लिए क्लिक करें भारत सेक्‍शन

Advertisement
Advertisement
Advertisement