Tuesday, April 16, 2024
Advertisement

कश्मीर के अधिकतर हिस्सों में ताजा बर्फबारी, श्रीनगर-जम्मू राजमार्ग बंद, बढ़ेगी ठंड

कश्मीर में मैदानी इलाकों सहित अधिकतर हिस्सों में शुक्रवार को ताजा बर्फबारी हुई जिसके कारण घाटी को देश के शेष हिस्सों से सभी मौसम में जोड़ने वाला एकमात्र सड़क मार्ग श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग बंद हो गया है।

IndiaTV Hindi Desk Written by: IndiaTV Hindi Desk
Published on: January 11, 2019 14:28 IST
snowfall- India TV Hindi
snowfall

कश्मीर में मैदानी इलाकों सहित अधिकतर हिस्सों में शुक्रवार को ताजा बर्फबारी हुई जिसके कारण घाटी को देश के शेष हिस्सों से सभी मौसम में जोड़ने वाला एकमात्र सड़क मार्ग श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग बंद हो गया है। मौसम विभाग कार्यालय ने अगले 24 घंटों में रुक-रुक कर हल्की बारिश होने का पूर्वानुमान व्यक्त किया है। 

मौसम विभाग के एक अधिकारी ने यहां बताया कि घाटी के मैदानी क्षेत्रों सहित कश्मीर में बृहस्पतिवार रात में भी बर्फबारी हुई जो शुक्रवार सुबह तक जारी रही। उन्होंने बताया कि जम्मू कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में शुक्रवार सुबह साढ़े आठ बजे तक 5.6 एमएम बर्फबारी दर्ज की गयी। पहलगाम में 11.4 एमएम बर्फबारी जबकि गुलमर्ग में 3.4 एमएम बर्फबारी हुई। 

अधिकारी ने बताया कि घाटी के मैदानी इलाकों में हल्की बर्फबारी हुई जबकि राज्य के ऊंचाई वाले स्थानों पर मध्यम बर्फबारी की खबरें हैं। ताजा बर्फबारी के कारण कश्मीर को देश के शेष हिस्सों से सभी मौसम में जोड़ने वाला एकमात्र सड़क मार्ग श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग बंद हो गया है। यहां यातायात नियंत्रण कक्ष के एक अधिकारी ने बताया, ‘‘बर्फबारी और फिसलन की स्थिति के कारण आज सुबह श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात बंद कर दिया गया।’’ उन्होंने बताया कि मौसम में एक बार सुधार होने और सड़क से बर्फ हटाये जाने के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात फिर शुरू करने का निर्णय लिया जाएगा। हालांकि, हवाई अड्डे के एक अधिकारी ने बताया कि श्रीनगर हवाई अड्डे पर विमान परिचालन सामान्य है। 

इस बीच, मौसम विभाग के अधिकारी ने बताया कि कल रात श्रीनगर का न्यूनतम तापमान शून्य से एक डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो बुधवार रात की तुलना में कम हो गया। उन्होंने बताया कि काजीगुंड का न्यूनतम तापमान शून्य से 1.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया जबकि कोकेरनाग शहर का न्यूनतम तापमान बृहस्पतिवार रात में शून्य से 2.2 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया। उत्तर कश्मीर में कुपवाड़ा का न्यूनतम तापमान शून्य से 0.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। 

अधिकारी ने बताया कि बृहस्पतिवार रात में गुलमर्ग का न्यूनतम तापमान शून्य से 7.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया जबकि पहलगाम का न्यूनतम तापमान शून्य से 11.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकारियों ने बताया कि लेह शहर में बुधवार रात का न्यूनतम तापमान शून्य से 9.5 डिग्री सेल्सियस नीचे जबकि नजदीक स्थित करगिल का न्यूनतम तापमान शून्य से 15.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। 

Latest India News

India TV पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज़ Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi के लिए क्लिक करें भारत सेक्‍शन

Advertisement
Advertisement
Advertisement