Friday, March 29, 2024
Advertisement

शीला दीक्षित के निधन पर केजरीवाल ने रद्द की वैष्णो देवी यात्रा, कहा- दिल्ली की जनता उनके योगदान को हमेशा याद रखेगी

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के निधन पर शोक जताया और कहा कि भले ही वह राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी थीं और अनेक मुद्दों पर उनकी राय भिन्न थीं पर गर्मजोशी से भरी और स्नेहपूर्ण इंसान थीं।

Bhasha Reported by: Bhasha
Updated on: July 20, 2019 21:22 IST
Delhi Chief Minister Arvind Kejriwal- India TV Hindi
Image Source : PTI Delhi Chief Minister Arvind Kejriwal and his deputy Manish Sisodia pays tributes to former Delhi chief minister Sheila Dikshit at her residence in New Delhi.

नई दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के निधन पर शोक जताया और कहा कि भले ही वह राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी थीं और अनेक मुद्दों पर उनकी राय भिन्न थीं पर गर्मजोशी से भरी और स्नेहपूर्ण इंसान थीं।

तीन बार दिल्ली की मुख्यमंत्री रहीं दीक्षित का शनिवार दोपहर निधन हो गया। वह 81 वर्ष की थी। उन्होंने अपराह्न करीब तीन बजकर 55 मिनट पर अंतिम सांस ली। केजरीवाल ने दीक्षित के साथ हुई अंतिम बैठक का स्मरण करते कहा कि उनके निधन की खबर सुनकर वह ‘‘स्तब्ध’’ हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली की जनता उनके योगदान को हमेशा याद रखेगी और उनके निधन से जो शून्य पैदा हुआ है उसे कभी भरा नहीं जा सकता। केजरीवाल ने कहा, ‘‘हालांकि हम राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी थे और अनेक मुद्दों पर हमारी राय भिन्न थी, लेकिन जब भी मैं उनसे मिला, उन्हें गर्मजोशी से भरा और स्नेहपूर्ण व्यक्ति पाया।’’

उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘अभी-अभी श्रीमती शीला दीक्षित जी के निधन की अत्यंत दुखद खबर पता चली। यह दिल्ली के लिए भारी क्षति है। उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा। उनके परिवार के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं हैं। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे।’’

दीक्षित के निधन के बाद केजरीवाल और उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने जम्मू कश्मीर में वैष्णो देवी मंदिर की अपनी यात्रा रद्द कर दी। सिसोदिया ने ट्वीट किया,‘‘पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के निधन की खबर बेहद दुखद है। भगवान उनकी अत्मा को शांति दे और उनके परिवार को यह दुख सहन करने की शक्ति दे।’’

Latest India News

India TV पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज़ Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi के लिए क्लिक करें भारत सेक्‍शन

Advertisement
Advertisement
Advertisement