Saturday, April 20, 2024
Advertisement

पश्चिम बंगाल चुनाव के लिए भाजपा ने तय किए 194 नाम

भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राहुल सिन्हा और अदाकारा रूपा गांगुली उन 194 उम्मीदवारों में शामिल हैं, जिनके नाम पार्टी ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए गुरुवार को घोषित किए।

Bhasha Bhasha
Published on: March 17, 2016 19:52 IST
bjp- India TV Hindi
bjp

नई दिल्ली: भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राहुल सिन्हा और अदाकारा रूपा गांगुली उन 194 उम्मीदवारों में शामिल हैं, जिनके नाम पार्टी ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए गुरुवार को घोषित किए। पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) की एक बैठक के बाद यह घोषणा की गई जिसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह सहित अन्य शरीक हुए। हालांकि, पार्टी ने कुछ लंबित मुद्दों के चलते केरल के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की है।

केंद्रीय मंत्री एवं सीईसी सचिव जेपी नड्डा ने बताया कि पार्टी ने सूची में सभी तबके को प्रतिनिधित्व दिया है। उन्होंने बताया कि युवा उम्मीदवारों को वरीयता दी जाएगी। अब तक घोषित उम्मीदवारों में 26 महिलाएं शामिल हैं। गुरुवार की घोषणा के साथ भाजपा ने 294 सदस्यीय विधानसभा में 246 सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। सिन्हा कोलकाता के जोरासांको सीट से चुनाव लड़ रहे हैं जबकि रूपा हावड़ा उत्तर सीट से अपनी किस्मत आजमाएंगी। वह पार्टी की प्रदेश महिला शाखा की प्रमुख भी हैं।

नड्डा ने बताया कि पार्टी की युवा शाखा के पूर्व अध्यक्ष अमिताभ रॉय बैरकपुर से और अभिनेता सुमन बनर्जी इंग्लिश बाजार से चुनाव मैदान में उतरे हैं।

उन्होंने बताया कि केरल के लिए उम्मीदवारों की सूची के बारे में सीईसी ने कई सीटों के लिए नामों को मंजूरी दी लेकिन यह कुछ औपचारिकताओं के पूरी होने पर जारी होगी। सूत्रों ने बताया कि प्रदेश भाजपा नेतृत्व ने कुछ दिन पहले 22 सीटों के लिए उम्मीदवारों की सूची जारी कर केंद्रीय नेतृत्व के लिए काम थोड़ा मुश्किल कर दिया था। यह स्पष्ट नहीं है कि प्रदेश इकाई द्वारा घोषित सारे नाम पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व का समर्थन पाएंगे या नहीं।

केरल भाजपा प्रमुख कुम्मनम राजशेखरन ने एक संवाददाता सम्मेलन में बताया कि राज्य में उनकी पार्टी की उज्ज्वल संभावना है क्योंकि लोग सत्तारूढ़ कांग्रेस नीत यूडीएफ और इसे मुख्य चुनौती देने वाले माकपा नीत एलडीएफ से आजिज आ चुके हैं। राज्य में फिलहाल भाजपा का कोई विधायक नहीं है। उन्होंने कथित तौर पर माकपा कार्यकर्ताओं पर पार्टी कार्यकर्ताओं पर किए गए हालिया हिंसक घटनाओं का भी जिक्र किया।

Latest India News

India TV पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज़ Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi के लिए क्लिक करें भारत सेक्‍शन

Advertisement
Advertisement
Advertisement