Friday, March 29, 2024
Advertisement

'पाकीजा' की अभिनेत्री गीता कपूर का ओल्ड एज होम में निधन, आखिरी शब्द थे- मेरा राजा आएगा

फिल्म 'पाकीजा' से सुर्खियां बटोरने वाली वयोवृद्ध बॉलीवुड अभिनेत्री गीता कपूर का शनिवार की सुबह यहां एक वृद्धाश्रम में निधन हो गया।

Jyoti Jaiswal Edited by: Jyoti Jaiswal @TheJyotiJaiswal
Published on: May 27, 2018 7:55 IST
गीता कपूर- India TV Hindi
गीता कपूर

मुंबई: फिल्म 'पाकीजा' से सुर्खियां बटोरने वाली वयोवृद्ध बॉलीवुड अभिनेत्री गीता कपूर का शनिवार की सुबह यहां एक वृद्धाश्रम में निधन हो गया। उनके परिवार के एक मित्र ने यह जानकारी दी। गीता कपूर 67 वर्ष की थी और पिछले साल से वृद्धाश्रम में रह रही थी। पिछले वर्ष उनके बेटे एवं बेटी ने कथित तौर पर उन्हें घर से निकाल दिया था। कहा जा रहा है कि गीता कपूर ने मरने से पहले कहा था कि मेरा राजा आएगा। वो वहां अपने बेटे को याद करती रहती थीं, और उम्मीद करती थीं कि उनका बेटा उन्हें लेने आएगा।

उनके निधन के बाद फिल्म निर्माता अशोक पंडित ने ट्वीट किया, "दुखद है कि अपने बच्चों को आखिरी बार देखने की उम्मीद में गीता कपूर का देहांत हो गया।" गीता कपूर ने 100 से भी अधिक फिल्मों में काम किया जिसमें 'पाकीजा' एवं 'रजिया सुल्तान' जैसी फिल्में भी शामिल हैं।

अपने बच्चों द्वारा घर से निकाले जाने के बाद फिल्म निर्माता रमेश तौरानी एवं पंडित उनकी दवाओं का खर्च उठाते थे। कपूर के बेटे राजा पेशे से एक कोरियोग्राफर और उनकी बेटी एयर होस्टेस है। कपूर को उनके बच्चे मई 2017 में गोरेगांव के एसआरवी अस्पताल में छोड़कर चले गए थे जिसके बाद, तौरानी एवं पंडित ने उन्हें अंधेरी पश्चिम के जीवन आशा वृद्धाश्रम में रखा।

उन्होंने अपने बेटे पर बुरा बर्ताव करने एवं नियमित रूप से भोजन न देने का आरोप भी लगाया था। गीता कपूर का सोमवार को अंतिम संस्कार होगा। इससे पहले, उनके शव को कूपर अस्पताल में रखा गया है।

Latest Bollywood News

India TV पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज़ Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। Bollywood News in Hindi के लिए क्लिक करें मनोरंजन सेक्‍शन

Advertisement
Advertisement
Advertisement