Wednesday, April 24, 2024
Advertisement

लोकसभा चुनाव: उन्नाव से अब साक्षी महाराज को चुनौती देंगे सपा के 'अन्ना महाराज'

उन्नाव की सीट पर समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी का मुकाबला भारतीय जनता पार्टी के साक्षी महाराज और कांग्रेस की अनु टंडन से है।

IndiaTV Hindi Desk Edited by: IndiaTV Hindi Desk
Published on: April 09, 2019 11:09 IST
Sakshi Maharaj | Facebook- India TV Hindi
Sakshi Maharaj | Facebook

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की उन्नाव लोकसभा सीट से महागठबंधन ने अपना उम्मीदवार बदल दिया है। अब समाजवादी पार्टी (सपा) ने अरुण शंकर शुक्ला उर्फ अन्ना महाराज को गठबंधन का प्रत्याशी घोषित किया है। वह पहले घोषित प्रत्याशी पूजा पाल की जगह चुनाव लड़ेंगे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अरुण शंकर शुक्ला मंगलवार को ही अपना नामांकन भी दाखिल करेंगे। खुद को उम्मीदवार चुने जाने पर अन्ना ने कहा कि वह इस सीट से जीत दर्ज करेंगे क्योंकि जनता उन्हें बहुत प्यार करती है। उन्नाव की सीट पर समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी का मुकाबला भारतीय जनता पार्टी के साक्षी महाराज और कांग्रेस की अनु टंडन से है।

सपा के जिला महासचिव राजेश यादव ने बताया, ‘अन्ना को सपा-बसपा गठबंधन का प्रत्याशी बनाया गया है। वह आज अपना नामांकन करेंगे। जिन्हें पहले प्रत्याशी बनाया गया था, उनके कागजात में कुछ तकनीकी दिक्कत होने के कारण पार्टी ने यह कदम उठाया है।’ सपा के कुछ नेताओं का कहना है कि पूजा पाल की वैवाहिक स्थिति पर असमंजस था, जिसकी वजह से उनका पर्चा रद्द हो सकता था। इसीलिए उनका टिकट काटा गया। अपनी उम्मीदवारी पर अन्ना ने कहा, ‘मैं पार्टी के विश्वास पर खरा उतरूंगा, पूरी मजबूती के साथ चुनाव लडूंगा और सीट जीतकर पार्टी की झोली में डालूंगा। उन्नाव की जनता मुझे बहुत प्यार करती है।’

Arun Shankar Shukla

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के साथ अरुण शंकर शुक्ला उर्फ अन्ना महाराज | Facebook

अन्ना उन्नाव से 2 बार चुनाव लड़ चुके हैं। लोकसभा चुनाव 2014 में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साक्षी महाराज ने उन्हें हराया था। उन चुनावों में साक्षी महाराज को 5,18,834 जबकि अन्ना को 2,08,661 वोट मिले थे। वहीं, बहुजन समाज पार्टी के प्रत्याशी ब्रजेश पाठक 2,00,176 और कांग्रेस की अनु टंडन 1,97,098 वोट पाने में कामयाब रहे थे। गौरतलब है कि सपा ने इलाहाबाद पश्चिम की पूर्व विधायक पूजा पाल को यहां से मैदान में उतारा था, लेकिन पार्टी में उनके विरोध की आवाज उठने लगी थी।

India TV पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज़ Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। Lok Sabha Chunav 2019 News in Hindi के लिए क्लिक करें चुनाव 2024 सेक्‍शन

Advertisement
Advertisement
Advertisement