Saturday, April 27, 2024
Advertisement

प्रियंका गांधी की लोगों से अपील, कहा- ‘ऐसी राजनीति लाएं जो आपकी समस्याओं का हल करे’

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने बुधवार को मतदाताओं से अपील की कि वे ऐसी राजनीति लायें जो उनकी समस्याओं की बात करे और उनका हल करे।

Bhasha Written by: Bhasha
Published on: April 24, 2019 17:36 IST
Priyanka Gandhi- India TV Hindi
Image Source : PTI Priyanka Gandhi

फतेहपुर (उप्र): कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने बुधवार को मतदाताओं से अपील की कि वे ऐसी राजनीति लायें जो उनकी समस्याओं की बात करे और उनका हल करे। प्रियंका ने यहां एक चुनावी जनसभा में कहा, ''ऐसी राजनीति लायें जो आपकी समस्याओं की बात करे, उसे हल करे।'' उन्होंने मतदाताओं से कहा, ''राजनीति को बदलिये... सिर्फ अपने क्षेत्र के लिए नहीं... अपनी जरूरतों के लिए नहीं बल्कि अपने बच्चों के भविष्य को मजबूत बनाने के लिए और देश को बचाने के लिए।'' 

प्रियंका ने मतदाताओं से कहा, ''झूठ की राजनीति एवं नकारात्मक राजनीति को परे कीजिए।'' उन्होंने कहा कि भाजपा की राजनीति जमीनी राजनीति नहीं है। उसका जनता से ताल्लुक नहीं है। भाजपा हवा में उड़ रही है। प्रियंका ने कहा कि भाजपा सरकार में किसान और नौजवान प्रताडित हैं तथा महिलाएं असुरक्षित हैं। ''ये है असलियत और आप इसे अच्छी तरह जानते हैं।''

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जब जनता अधिकार मांगती है और प्रदर्शन करती है तो जो सत्ता में हैं, उन्हें खुश होना चाहिए। प्रियंका ने कहा कि अब जनता की समस्याओं को समझने का प्रयास पूरी तरह खत्म हो गया है और झूठा प्रचार चल रहा है। मोदी सहित भाजपा नेताओं पर निशाना साधते हुए प्रियंका ने कहा, ''इनको ये सनक है, मेरे परिवार के बारे में ही बात करते रहते हैं। पचास प्रतिशत जो इनका चुनावी भाषण होता है, यही होता है कि नेहरू जी ने क्या किया, इंदिरा गांधी ने क्या किया। लेकिन, ये नहीं बताएंगे कि पांच साल में इन्होंने क्या किया।''

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी विदेश यात्रा पर ज्यादा रहते हैं। उनके पास जनता के बीच जाने का समय नहीं है। पांच साल में मोदी बनारस के एक भी गांव में नहीं गए। उनके पास केवल उद्योगपतियों को बढ़ाने वाली नीतियां हैं। प्रियंका ने आरोप लगाया कि भाजपा की केंद्र सरकार ने बड़े उद्योगपतियों का करोडों रूपये का कर्ज माफ किया लेकिन जब किसानों की कर्ज माफी की बात आती है तो सरकार कहती है कि उसके पास पैसा नहीं है।

India TV पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज़ Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। Lok Sabha Chunav 2019 News in Hindi के लिए क्लिक करें चुनाव 2024 सेक्‍शन

Advertisement
Advertisement
Advertisement